गर्भ छुपाने ट्रेन के टॉयलेट में फेंका था नवजात, मां का पता लगाने जांच शुरू
जबलपुर. जबलपुर स्टेशन के यार्ड में खड़ी ओवर नाइट एक्सप्रेस की एक बोगी के टॉयलेट में मिले नवजात के शव की जांच में पता चला कि महिला ने गर्भ को छुपाने के लिए ही नवजात को टॉयलेट में फेंक दिया था। यह या तो यार्ड में बोगी का दरवाजा खुला रह जाने के कारण उसमें फेंका या फिर यात्रा के दौरान फेंका गया था। इस मामले में एसआरपी राकेश कुमार सिंह द्वारा नवजात को फेंकने वाली महिला की खोज के लिए 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

अवैध गर्भ को छुपाने के लिए ट्रेन के टॉयलेट को चुना
इस मामले में जीआरपी के टीआई एमएल बर्मन ने जानकारी दी है कि नवजात की पीएम रिपोर्ट आ गई है। इसमें मेडिकल अस्पताल के डॉ. सतीश भाया ने कहा है कि नवजात मृत पैदा हुआ था। इसे छुपाने के लिए ही टॉयलेट में फेंका गया था। उल्लेखनीय है कि गत 12 अगस्त को यार्ड में खड़ी ओवर नाइट एक्सप्रेस के टायलेट की सफाई के दौरान कर्मचारी को नवजात का शव मिला था। जीआरपी ने इस मामले में उस महिला की खोजबीन शुरू कर दी है, जिसने अपने अवैध गर्भ को छुपाने के लिए ट्रेन के टॉयलेट को चुना था।





