भार बढ़ाने के लिए गेहूं को पानी से भिगो रहे थे कर्मचारी, पहुंचा मीडिया तो भागे…
अमृतसर.छेहर्टा स्थित पंजाब वेयर हाउस के गोदाम में शनिवार को सरकारी मुलाजिम लोगों को बांटे जाने वाले सरकारी अनाज में पानी डाल रहे थे। ऐसा इसलिए किया जा रहा था कि पानी के कारण गेहूं भारी हो जाए और लोगों को बांटने के दौरान गेहूं वजन में तो उन्हें पूरी दी जाए, लेकिन जो गेहूं बचे, उसे खुर्द-बुर्द किया जा सके। इस गोलमाल की खबर लगने पर जब मीडिया मौके पर पहुंचा तो मुलाजिमों को हाथ-पांव की पड़ गई। इसी बीच पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सेक्रेटरी व प्रवक्ता मनदीप सिंह मन्ना भी मौके पर पहुंच गए। मामले की जानकारी पंजाब वेयर हाउस के चंडीगढ़ स्थित एमडी और डिप्टी कमिश्नर कमलदीप सिंह संघा को दी गई तो काफी इंतजार करने के बाद वेयर हाऊस के डिस्ट्रिक मैनेजर करुणदीप सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वेयर हाउस में तैनात स्टाफ वहां से खिसक चुका था।

इसके अलावा फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन वेयर हाऊस के अधिकारी के आने से पहले ही वह मौके से निकल गए। जिस गोदाम में अनाज को पानी से भिगोया जा रहा था, उस पर ताला लगाया जा चुका था और चाबियां तक मौके पर उपलब्ध नहीं हो सकी। डीएम करुणदीप सिंह ने अपने उच्चाधिकारियों के ध्यान में लाकर गोदाम का ताला तुड़वाया। इसके बाद सारी स्थित देखी गई तो साफ हो गया कि सरकारी अनाज को पानी से भिगोया गया है। जमीन पर जगह-जगह पानी पड़ा था और सैकड़ों गेहूं की बोरियां भी गिली मिलीं। डीएम ने कहा कि अनाज पर पानी डाला गया है और गोदाम के अंदर पानी के खुद-बु-खुद आने की कोई गुंजाइश नहीं है। इसके बाद उन्होंने अपने साथ आए मुलाजिमों से गेहूं के सैंपल भरवाए और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी पूरा आश्वासन दिया।
सरकारी अनाज को पानी से भिगाए जाने के मामले की भनक लगने के बाद जब मीडिया मौके पर पहुंचा तो कुछ मुलाजिमों ने मीडियाकर्मियों से बात रफा-दफा करने की भी पेशकश कर डाली। यह शख्स काफी समय तक मीडिया को उलझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब बात नहीं बनी तो मौके से खिसक गया। इसके बाद डीएम वहां पहुंच गए।
कमेटी गोदाम की फिजिकल वेरिफिकेशन भी करेगी : डीएम
पंजाब वेयर हाऊस के डिस्ट्रिक मैनेजर करुनदीप सिंह ने बताया कि पंजाब वेयर हाऊस चंडीगढ़ के एमडी की तरफ से कमेटी का गठन कर दिया गया है। कमेटी रविवार की सुबह अमृतसर आएगी और गोदाम की फिजिकल वेरीफिकेशन भी करेगी। फिजिकल वेरीफिकेशन करने में 2-3 दिन का समय लग जाएगा, जिसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्ट लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हो : मन्ना
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सेक्रेटरी व प्रवक्ता मनदीप सिंह मन्ना ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस मामले की गंभीरता से जांच करवाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी अनाज, जो कि लोगों को बांटा जाना था उसमें गोलमाल किया जा रहा था, जो कि सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि डीएम की जब मौके पर पहुंचे तो स्टाफ तक भी वहां से भाग गया। इससे साफ है कि वह इसमें शामिल हैं। इसी तरह पीपीसीसी सोशल मीडिया के चेयरमैन रोहित पुरी ने कहा कि पिछली सरकार के समय इन लोगों ने जो किया है, वह किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ऐसे लोगों को सुधारने के लिए ही काम में पारदर्शी ला रही है।





