अगर ऐसा हुआ तो विश्व कप खेलने को तरस जाएगा श्री लंका!

कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ चौथे वन-डे मैच में गुरुवार को भारतीय टीम लगातार चौथी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। भारत सीरीज में 3-0 से आगे है। कप्तान विराट कोहली विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर बेंच स्ट्रेंथ को मौका दे सकते हैं। इससे कुलदीप यादव, मनीष पांडे, अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर मैदान में उतर सकते हैं।
वहीं श्रीलंका यदि गुरुवार को भी हार गया तो उसे विश्व कप में सीधे प्रवेश से वंचित होना पड़ेगा। कोहली लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
वहीं, चौथे नंबर पर केएल राहुल भी अच्छी पारी खेलना चाहेंगे। लगातार दो मैचों में खाता खोलने में नाकाम रहे केदार जाधव पर दबाव होगा। वह अकिला धनंजय की गेंदों को समझने में पूरी तरह से नाकाम रहे। पहले मैच में वह गुगली पर चूके और दूसरे मैच में स्वीप शॉट खेलते हुए गेंद की लंबाई नहीं भांप सके।
इस स्पिनर ने कहा- धौनी से बेहतर कोई नहीं, विराट को ज्यादा रहती है मेरी फिटनेस की चिंता
यह देखना होगा कि क्या टीम प्रबंधन जाधव की जगह पांडे को मौका देता है। जाधव के साथ फायदा उनकी सपाट ऑफ ब्रेक है, जिससे कोहली को एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प मिलता है। जाधव ने अभी तक तीन विकेट लिए हैं।
चाइनामैन को मिल सकता है मौका : तेज गेंदबाज ठाकुर ने नेट पर अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह तीन ही मैच खेले हैं और आराम नहीं चाहेंगे। कोहली संकेत दे चुके हैं कि वह खिलाड़ियों को रोटेट करना चाहते हैं और ऐसे में चाइनामैन कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ तो अक्षर पटेल या युजवेंद्र चहल में से किसी एक को बाहर रहना होगा।
ऑस्ट्रेलिया को 20 रनों से हराकर बांग्लादेश ने रचा इतिहास
मुश्किलों से हलकान मेजबान : दूसरी ओर श्रीलंका के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ अंतिम एकादश उतार पाना मुश्किल हो गया है। सनत जयसूर्या की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने इस्तीफा दे दिया है जिसे श्रीलंका क्रिकेट ने स्वीकार भी कर लिया। वे इस सीरीज के अंत तक पद पर बने रहेंगे। दिनेश चांदीमल पिछले वन-डे में अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं, कार्यवाहक कप्तान चामरा कापूगेदारा भी कमर की चोट के कारण आगे नहीं खेल सकेंगे। लसिथ मलिंगा चौथे वन-डे में कमान संभालेंगे, जबकि निलंबित कप्तान उपुल थरंगा पांचवें वन-डे और छह सितंबर को होने वाले टी-20 मैच में कप्तानी करेंगे।





