उत्तर भारत में झुलसा देने वाली गर्मी, 51 डिग्री पर पहुंचा पारा

नई दिल्ली। देश के उत्तरी हिस्से में झुलसा देने वाली गर्मी और तीखी होती जा रही है। राजस्थान के फलौदी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 51 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुजरात के अहमदाबाद में तापमान ने सौ वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग ने रोनू तूफान से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
अधिकारियों ने बताया है कि मंगलवार की रात से त्रिपुरा के धरमनगर में हुई चक्रवाती वर्षा के बाद करीब 4000 लोग बेघर हो गए हैं। असम-अगरतला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल जमाव के कारण राज्य देश के शेष हिस्सों से कट गया है।
दिल्ली में भी गर्मी का कहर जारी है और यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। शहर में न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया।
अहमदाबाद में अधिकतम तापमान ने 48 डिग्री को छू लिया। मौसम केंद्र के निदेशक जयंत सरकार ने कहा, ‘शहर के आंकड़े के मुताबिक, 27 मई 1916 को शहर का तापमान 47.8 डिग्री दर्ज किया गया था।’
बबलू की चपेट में आने से गुरुवार को एक आदमी की मौत हो गई। इस गर्मी में लू से मरने वालों की संख्या चार हो गई है।
मौसम विभाग ने रोनू तूफान को लेकर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा के लिए अलर्ट जारी किया है। यह तूफान 21 मई और 22 मई की मध्य रात्रि में बांग्लादेश पहुंच सकता है।
अंडमान पहुंचा दक्षिण पश्चिम मानसून
दक्षिण पश्चिम मानसून ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह पर सामान्य तारीख से दो दिनों पहले ही दस्तक दे दी है। बंगाल की खाड़ी में पैदा हुए चक्रवात की प्रगति कमजोर पड़ने से केरल में मानसून के पहुंचने में देरी हो सकती है। भारत मौसम विभाग के निदेशक लक्ष्मण सिंह राठौर ने गुरुवार को कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून के 48 घंटों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं।
कहां कितना तापमान
उत्तर प्रदेश
- लखनऊ – 44.4 डिग्री
- बांदा – 47.2 डिग्री
- इलाहाबाद – 46.7 डिग्री
- झांसी – 46.4 डिग्री
- औराई – 46 डिग्री
चंडीगढ़ – 43.1 डिग्री
हरियाणा
- हिसार – 46 डिग्री
पंजाब
- अमृतसर – 43.8 डिग्री
राजस्थान
- चुरू – 50.2 डिग्री
- बीकानेर और बारमेर – 49.5 डिग्री
- गंगानगर – 40.1 डिग्री
- जैसलमेर – 49 डिग्री
- कोटा – 48.2 डिग्री
- जयपुर – 46.5 डिग्री





