अमित शाह: पार्टी में ब्लैकमनी से चंदा लेने पर रोक लगना चाहिए…

  • भोपाल.भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पार्टी में ब्लैकमनी से चंदा लेने पर रोक लगना चाहिए। चंदा सिर्फ चैक या ड्राफ्ट से ही लिया जाए। भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए हमारा दायित्व बनता है कि पारदर्शिता बरती जाए, ताकि कोई हम पर उंगली न उठा सके। शाह शुक्रवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश के केंद्रीय पदाधिकारियों, सांसद और विधायकों व कोर ग्रुप की अलग-अलग बैठकों को संबोधित कर रहे थे।
      अमित शाह: पार्टी में ब्लैकमनी से चंदा लेने पर रोक लगना चाहिए...
    शाह ने कहा कि कोशिश ऐसी हो कि बाहर से चंदा लिया ही नहीं जाए, कार्यकर्ताओं के चंदे से ही कामकाज चले। ब्लैकमनी से चंदा लेने से कहीं न कहीं पार्टी की छवि खराब होती है। उन्होंने कहा कि जब में दिल्ली से देश भर के राज्यों का दौरा कर सकता हूं तो आप भी भोपाल से बाहर निकलकर प्रदेश के ब्लाक और बूथ लेवल तक दौरा करें, तभी संगठन मजबूत होगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदोंं और विधायकों को नसीहत दी कि यह पार्टी लाखों लाख कार्यकर्ताओं के परिश्रम और मेहनत से खड़ी हुई है। इसलिए हम सादगी और पारदर्शिता के भी हामी हैं। इसलिए चंदा लेने की जो पुरानी रीति चली आ रही है उस पर पूरी तरह से रोक लगे।

    भाजपा ने 4 साल में 159 करोड़ चंदा बिना ब्योरे के लिया: एडीआर

    2012 से 2016 तक चार साल में भाजपा ने करीब 159 करोड़ रुपए का चंदा कोई ब्योरा उपलब्ध कराए बिना लिया। इन चंदा देने वालों के पैन, आधार या निवास का ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया गया है। यह खुलासा एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) की रिपोर्ट में हुअा है।

    प्रहलाद पटेल बोले- कोर ग्रुप की महत्ता कम हुई मोघे ने कहा- कार्यकर्ता बात रखने से डरता है

    सांसदों और विधायकों की बैठक में अमित शाह के सामने खुलकर सरकार और संगठन के बीच तालमेल न होने की कलई खुल गई। संगठन पदाधिकारियों के सामने जब सांसद-विधायकों ने बोलने में कुछ संकोच किया तो उन्होंने साफ कर दिया कि ‘खुलकर बोलो… टिकट नहीं कटेगा।

    …लेकिन जो विधायक समन्वय स्थापित नहीं करते, उनका टिकट काट देंगे

    – लक्ष्मीनारायण यादव (सांसद)- जब हम क्षेत्र में जाते हैं तो विधायक सहयोग नहीं करते। ऐसे में कैसे क्षेत्र में जाएं।
    अमित शाह-समन्वय होना चाहिए, जो विधायक पार्टी लाइन पर नहीं चलेगा, उसका टिकट काट देंगे।
    – प्रहलाद पटेल (सांसद)- पहले समस्याओं का निपटारा संभाग स्तर पर हो जाता था। अब प्रदेश स्तर पर आना पड़ता है। लगता है कि प्रदेश के कोर ग्रुप की महत्ता कम हो गई है।
    अमित शाह – हम सुझाव पर ध्यान देंगे।
    – कृष्णमुरारी मोघे-अब संगठन में सहज संवाद खत्म हो गया है। कार्यकर्ता अपनी बात रखने से डरता है। हमें इस बदलाव को रोकना होगा। 
    अमित शाह – यह मेरी जानकारी में है।
    – वेद प्रकाश शर्मा-जिस तरह आप राज्यों के दौरे कर रहे हैं, प्रदेश स्तर पर प्रदेशाध्यक्ष और संगठन महामंत्री जिलों के दौरे करना चाहिए।
    शाह-प्रदेशाध्यक्ष और संगठन महामंत्री संगठन को मजबूत करने निकलें।

    किसी भी कीमत पर सिंधिया-कमलनाथ जीतने नहीं चाहिए

    अमित शाह ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में मप्र से सभी 29 सीटें जीतनी हैं। कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य व कमलनाथ किसी भी कीमत पर जीतने नहीं देना है। कांग्रेस के ये दोनों ही नेता हमारे विधायकों से तालमेल कर जीत जाते हैं।
Back to top button