खबरदार! बजा डीजे तो नहीं होगा बेटे-बेटियों का निकाह


लखनऊ : खबरदार! आप यदि खुद अथवा बेटे- बेटियों के निकाह की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर जरूर पढ लें। खबर से यदि आपने मुंह मोडा तो संभव है कि आने वाला वक्त आप पर भारी पडे।
इस्लामिक संगठन तहरीक इस्लाह ए उम्मत ने फैसला किया है कि शादी ब्याह में यदि डीजे बजा अथवा नाच गाना हुआ या दहेज की नुमाइश की गई तो वह निकाह नहीं कराएगा।
15 अगस्त को हुई इमामों की बैठक में तय किया गया है कि शादी ब्याह में डीजे और नाच गाने सहित अन्य ऐसी ही कुरीतियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा। अध्यक्षता करते शहर इमाम काजी मगरब ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कदम उठाने का फैसला किया गया है। तय किया गया है कि अगर कोई उक्त चीजों से नहीं बचता तो हम निकाह नहीं कराएंगे।
ऐसे निकाह का बहिष्कार करेंगे जहां डीजे बजता हो और नाच गाना होता हो। यह शरीयत के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बैठक में शहर के 40 इमाम शामिल हुए और समुदाय के हजारों लोगों ने इसमें शामिल हुए। बैठक में कहा गया कि डीजे बजने के बाद युवा शराब पीकर नाचते हैं और हर्ष फायरिंग करते हैं। संगठन ने खडे़ होकर खाने की व्यवस्था करने वालों का भी विरोध करने का फैसला किया। संगठन ने एक समिति भी बनायी है।





