केरल पहुंचने वाला है मानसून, बारिश की सम्भावना

नई दिल्ली। झुलसाने वाली गर्मी और सूखे से जूझ रहे इलाकों के लिए राहत देने वाली सूचना है। इस बार दो से तीन दिन पहले ही मानसून केरल में दस्तक दे देगा। सामान्य तौर पर एक जून को मानसून केरल पहुंचता है लेकिन इस बार 28 से 30 मई तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। स्वतंत्र पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट ने यह अनुमान जाहिर किया है।
तय समय से पहले ही केरल में दस्तक देने वाला मानसून एक जुलाई को दिल्ली तक और 12 जुलाई को जैसलमेर पहुंचेगा। हां उम्मीद के मुताबिक कोलकाता 10 जून से भींगने लगेगा तो मुंबई को 12 जून से राहत मिलने की आशा है। दक्षिण पश्चिम मानसून अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तक 18 मई और 20 मई के बीच आ जाएगा।
स्काईमेट ने कहा है, “केरल तक इसके 28 से 30 मई के बीच पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद यह देश के अन्य हिस्सों पर छाता जाएगा। मौसम की मौजूदा स्थिति से मानसून 2016 की शुरुआत बेहतर रहने का संकेत मिल रहा है। उम्मीद है कि मानसून पूरे वेग से कदम रखेगा।”
मानसून के समय से पहले दस्तक से लू में झुलस रहे और सूखे से जूझ रहे देश के हिस्सों को राहत मिलने की आशा है। भारत मौसम विभाग के साथ ही साथ स्काईमेट ने इस वर्ष का मानसून सामान्य से बेहतर रहने का अनुमान जाहिर किया है।
कहां कब पहुंचेगा मानसून
- 18 से 20 मई के बीच अंडमान
- 28 से 30 मई तक केरल
- 10 जून तक कोलकाता
- 12 जून तक मुंबई
- एक जुलाई तक दिल्ली
- 12 जुलाई तक जैसलमेर





