16 मिनट पीछा करते रहे ASI, फेल नाकाबंदी, फायर कर भाग निकले बदमाश

  • ग्वालियर. मंगलवार तड़के एक गुमटी पर चाय पीते बाइक सवार दो बदमाशों को देखकर पुलिस ने उनका पीछा किया। लेकिन बदमाश न सिर्फ भाग निकले बल्कि पुलिस को डराने के लिए फायरिंग भी कर डाली। रास्ते में मिली डायल 100 गाड़ी को देखकर पिस्टल भी तान दी। 16 मिनट पीछा करने के दौरान एएसआई ने वायरलेस सेट से घेराबंदी के लिए कहा लेकिन तीन थानों की पुलिस सोती रही। इससे पहले 25 जुलाई की रात ढाई घंटे तक सड़कों पर राहगीरों पर चाकू से हमला करने वाले बदमाश भी बेखौफ घूूमते रहे थे। बड़ा सवाल ये है कि आखिर पुलिस क्यों बदमाशों के आगे ढीली साबित हो रही है?
    16 मिनट पीछा करते रहे ASI, फेल नाकाबंदी, फायर कर भाग निकले बदमाश
     
    तत्काल नहीं हो पाई घेराबंदी इसलिए भाग निकले बदमाश
    16 मिनट में आखिर क्या हुआ? भास्कर ने बदमाशों का पीछा करने वाले पड़ाव थाने के एएसआई महेंद्र प्रसाद से बातचीत के आधार पर हूबहू उतारने की कोशिश की- 
    सुबह 7 बजे मैं पड़ाव थाने की मोबाइल से ड्राइवर संजय भदौरिया के साथ गश्त पर था। डफरिन सराय में चाय के ठेले पर काली पल्सर के पास खड़े दो युवक हमें दिखे। संजय बोला- ये युवक संदिग्ध प्रतीत होते हैं। लगता है-लुटेरे हैं। हमने गाड़ी धीमी ही की थी कि दोनों युवक चाय का गिलास फेंककर 220 सीसी की काली पल्सर एमपी07-50 (बाइक पर इतना ही नंबर लिखा था) से भागने लगे। मेरे पास न पिस्टल थी न वायरलेस सेट। थाने की जीप में लगे वायरलेस सेट से अलर्ट का मैसेज छोड़कर हम बदमाशों के पीछे लग गए और लोकेशन वायरलेस पर दी। फूलबाग चौराहा पर हवलदार असगर खान अलर्ट थे, लेकिन बदमाश जलविहार से निकल गए। यहां एफआरबी पर पिस्टल तानकर बदमाश मोतीमहल होते हुए बसंत विहार घुसे, जहां उनमें से एक ने हवा में फायरिंग की। बाइक को सिटी सेंटर की ओर जाता देख मैंने सिरोल व यूनिवर्सिटी थाना पुलिस को लोकेशन दी, लेकिन बदमाशों की घेराबंदी तत्काल नहीं हो पाई, इसलिए वे भागने में सफल हो गए।

    ये भी पढ़े: बड़ी खबर: सेना ने मार गिराए अलकायदा के तीन आतंकी, मुठभेड़ जारी

    ऐसे भागे बदमाश
    -डफरिन सराय,पड़ाव- यहां चाय पीते वक्त थाने की जीप नजर आई तो भागे 
    -लक्ष्मीबाई समाधि से चौपाटी होते हुए जलविहार जहां एफआरबी-4 पर पिस्टल तानी, एफआरबी में तैनात भारत कौरव ने पत्थर उठाया लेकिन वे डर गए।
    -मोतीमहल होते हुए बसंत विहार और माधवनगर से बदमाश एजी पुल चढ़े और एसपी ऑफिस के सामने से निकल पटेल नगर में गलियों में घुस गए।
    -करीब एक घंटा बदमाश गलियों में ओझल रहे फिर लोकेशन गाडर वाली पुलिया पर बताई गई, जहां से उनके मुरैना की अोर जाने की खबर है।
     
    15 दिन में दूसरी बार पुलिस फेल
    25 जुलाई की रात जनकगंज इलाके में 4 लोगों को चाकू मारने वाले बदमाशों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया। घायल अस्पताल पहुंचे तो पुलिस जागी। करीब 2.50 घंटा बदमाश खुलेआम घूमते रहे थे। मंगलवार को पड़ाव से लेकर सिटी सेंटर तक 16 मिनट पुलिस ने आंखों के सामने आए पिस्टल से लैस बाइक सवार बदमाशों को भी हाथ से फिसलने दिया। वायरलेस सेट पर बदमाशों के भागने और रास्ते बदलने की लोकेशन पुलिस अफसर सुनते रहे, लेकिन पुख्ता घेराबंदी नहीं की गई।
     
    एएसआई वायरलेस पर लगातार लोकेशन दे रहे थे, रास्ते में डायल 100 गाड़ी भी टकराई, बदमाशों ने पिस्टल तानी तो घबराकर पीछे हट गई पुलिस
    सुबह 7 बजे डफरिन सराय पर चाय पी रहे बदमाशों की लोकेशन उनके पीछे लगे एएसआई महेंद्र प्रसाद लगातार वायरलेस सैट से दे रहे थे। कायदे से लोकेशन वायरलेस पर मिलने के साथ ही संबंधित थाना पुलिस को घेराबंदी करना चाहिए थी, लेकिन सिराेल और यूनिवर्सिटी थानों की गाडिय़ां तब आईं जब बदमाश सिटी सेंटर में अंदर घुस गए। बसंत विहार से ही एएसआई की लोकेशन पर दूसरे थाने अलर्ट होते तो पल्सर सवार पकड़े जाते।
     
    थाने में 3 घंटे बैठे एएसआई तब हुई एफआईआर
    पूरे घटनाक्रम की जानकारी आईजी अनिल कुमार और एसपी डॉ आशीष को दी गई। एसपी ने एफआईआर के निर्देश दिए। बदमाश माधवनगर, बसंत विहार सहित कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में नजर आए हैं। एएसआई महेंद्र प्रसाद दोपहर तीन बजे झांसी रोड थाने में हवाई फायरिंग की एफआईआर कराने पहुंचे, लेकिन उन्हें 6 बजे तक बिठाकर रखा गया। यहां एएसआई रामअवतार की लॉगिन आईडी से एफआईआर होना थी, जो व्यस्त बताए गए थे। इसलिए देरी से एफआईआर दर्ज की गई।
     
    शर्मनाक चूक के बाद लाचारगी की दलीलें
     
    मैं तैयार था, वो आए ही नहीं
    मैने वायरलैस पर प्वाइंट सुना था कि चौपाटी से बदमाश फूलबाग की ओर आ रहे हैं। मैं बैरीकेड के पास तैयार खड़ा था, वो आते तो पकड़ लेता लेकिन वे जल विहार से कट गए।
    असगर खान, हवलदार,थाना पड़ाव
     
    बदमाश ने पिस्टल तान दी
    जल विहार के पास हमने प्वाइंट मिलते ही बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। वे तेजी से आए, पीछे बैठे युवक ने एफआरबी की ओर पिस्टल तानी और सेकंडों में भाग गए।
    भारत कौरव,पुलिसकर्मी, डायल-100
     
    मोबाइल गाड़ियां पीछे लगी थीं, बदमाश गलियों में घुस गए
    बदमाशों के पीछे मोबाइल गाड़ियां लगी हुई थीं। पुलिस अलर्ट होकर फॉलो कर रही थी। कॉलाेनी की गलियों से बदमाश भाग निकलने में सफल हो गए।
    दिनेश कौशल, एडीशनल एसपी, ग्वालियर
     
     
     
Back to top button