पाकिस्तान: 90 डिग्री मुड़ गई इस लड़की की गर्दन, जानें कैसे हुआ यह हादसा…

पाकिस्तान के सिंध में रहने वाली 11 साल की लड़की की गर्दन रहस्यमयी तरीके से 90 डिग्री के कोण पर मुड़ गई है। इसे सही कराने के लिए वह सर्जरी का बेसब्री से इंतजार कर रही है। माना जाता है कि अफशीन कुंभार को मांसपेशियों की बीमारी है, जिसकी वजह से उनकी गर्दन गंभीर रूप से मुड़ी हुई है, जिसे चिकित्सकीय भाषा में टॉर्टिकोलिस कहा जाता है।
यह समस्या पहली बार तब सामने आई थी, जब वह सिर्फ आठ महीने की थी और बाहर खेलते समय उसकी गर्दन में चोट लग गई थी। अपने सिर को सीधा रखने में असमर्थ अफशीन लगातार दर्द में जी रही है। उसे खाने, शौचालय का उपयोग करने और यहां तक कि चलने तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अपनी हालत की वजह से वह स्कूल जाने में भी असमर्थ है।
एयर कनाडा के विमान में टर्बुलेंस से 37 लोग घायल
वह सिंध के मिठी में 52 साल की मां जमीलन और 27 साल के बड़े भाई मोहम्मद याकूब के साथ रहती है। परिवार को नहीं पता है कि उसका भविष्य क्या होगा। डॉक्टर भी यह देखकर हैरान है कि उसकी मुड़ी हुई गर्दन की क्या वजह है। पिछले साल कैंसर से पिता की मौत हो जाने के बाद से अफशीन की सर्जरी कराने में परिवार असमर्थ है। उसकी मां जमीलन दूसरे के घरों में काम करके करीब पांच सौ रुपए महीने में किसी तरह घर चला रही है।
अपनी बहन की हालत के बारे में बोलते हुए याकूब ने कहा- हम उसके भविष्य के लिए चिंतित हैं। हमें नहीं पता कि उसका क्या होगा। हम चिंतित हैं कि अगर उसे बिना इलाज के छोड़ दिया जाए, तो उसे कोई दूसरी बीमारी भी हो सकती है। रीढ़ की हड्डी या गले की मांसपेशियों में चोट लगने की वजह से टॉर्टिकुलिस की बीमारी होती है। इसकी वजह से उसकी गर्दन पर लगातार तनाव बना रहता है, जिससे उसकी मांसपेशियों में सूजन आ जाती है और तंत्रिका जड़ों पर दबाव पड़ता है।





