6 माह की बेटी को रात में सड़क पर मरने के लिए छोड़ गया बेरहम पिता

यहां एक पिता ने अपनी छह माह की बच्ची को मरने के लिए सड़क पर दो गाड़ियों के बीच छोड़ दिया। उक्त व्यक्ति की पहले से दो बेटियां हैं। पुलिस ने बच्ची को ‘चाइल्ड लाइन’ संस्था के जरिये शेल्टर होम में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-12 के बी ब्लॉक में बृहस्पतिवार दोपहर को छह माह की एक बच्ची लावारिस हालत में सड़क पर दो कारों के बीच में पड़ी मिली थी। बच्ची के साथ एक पर्ची रखी थी, जिस पर लिखा था कि वह अनाथ है।
अब भगवान ही उसका मालिक है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-24 पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया और बच्चों के लिए काम करने वाली संस्था ‘चाइल्ड लाइन’ को सूचना दी।
बच्ची के दादा ईश्वर ने बताया कि उसका बेटा सुजीत और बहू कोंडली (दिल्ली) में रहते हैं। सुजीत एमसीडी में काम करता है। उसकी पहले से दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी भी दादा के पास ही रहती है। ईश्वर ने बताया कि उनकी बेटे से बात नहीं होती है। वह दोनों दिल्ली में अलग रहते हैं।
शुक्रवार सुबह उन्हें पोती के लापता होने का पता चला, तो उन्होंने नोएडा पुलिस से संपर्क किया था। पुलिस के अनुसार, सुजीत का मोबाइल फिलहाल बंद है और वह घर पर नहीं है। उसकी पत्नी को भी उसके बारे में कुछ पता नहीं है। शनिवार को बाल कल्याण समिति के लोग बच्ची के माता-पिता के घर जाकर जांच करेंगे।





