40 डिग्री पार करते हुए यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ; अभी नहीं मिलेगी राहत

जाते-जाते मई माह गर्मी के मामले में सीजन का रिकॉर्ड कायम कर गया और यह भी एहसास करा गया कि अभी दूनवासियों को जेठ (जून) के महीने में गर्मी के और तपते थपेड़े झेलने पड़ सकते हैं।

शुक्रवार को पारा 40 डिग्री पार करते हुए यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। मई का ऑल टाइम रिकॉर्ड देखें तो वर्ष 2012 में ऐसे हालात देखने को मिले थे। तब 30 मई को तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। सुबह से ही सूरज की तपिश काफी अधिक महसूस होने लगी थी, जो दिन चढ़ते ही लू का एहसास कराने लगी। स्थिति यह थी कि शहर की प्रमुख सड़कें भी सूनी नजर आने लगीं। दून में जहां गर्मी ने सीजन का नया रिकॉर्ड बनाया, वहीं दून के ही जौलीग्रांट में प्रदेश में सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इससे पहले गुरुवार को भी 39 डिग्री तापमान के साथ यह सीजन का सबसे गर्म दिन ïथा और अभी शनिवार को भी गर्मी से निजात मिलने के आसार नहीं दिख रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को भी तापमान की यही स्थिति रहेगी।

मई में सात बार तापमान 38 पार 

  • 08 मई, 38.6 डिग्री से.
  • 21 मई, 38.6 डिग्री से.
  • 22 मई, 38.5 डिग्री से.
  • 27 मई, 38.3 डिग्री से.
  • 28 मई, 38.8 डिग्री से.
  • 29 मई, 39.7 डिग्री से.
  • 31 मई  40.4 डिग्री से.

कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश संभव

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश संभव है। हालांकि, इनमें अधिकांश भाग पहाड़ी होगा और मैदान में तपिश बरकरार रहेगी।

दून और मसूरी के तापमान में 11 डिग्री का अंतर

दून में जहां गर्मी अपने चरम पर थी, वहीं मसूरी में तापमान 11 डिग्री कम (29 डिग्री) रहा। इसी तरह सरोवर नगरी नैनीताल में भी तापमान 29 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, सबसे कम गर्मी के मामले में शुक्रवार का दिन जोशीमठ के नाम रहा। वहां 28 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

देहरादून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी पारे का प्रचंड प्रहार देखने को मिला। हरिद्वार में तापमान 41 डिग्री जा पहुंचा था, जबकि पंतनगर के केंद्र में तापमान दून से एक डिग्री ही कम रहा। इसके अलावा ऊंचाई के हिसाब से कुछ कम दूरी वाले टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, मुक्तेश्वर में तापमान 30 से 37 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया।

प्रमुख शहरों में यह रहा तापमान

  • देहरादून————-40.4
  • हरिद्वार————-41
  • पंतनगर————-39
  • उत्तरकाशी———-37
  • अल्मोड़ा————35
  • पिथौरागढ़———–32
  • मुक्तेश्वर———–31
  • टिहरी—————30
  • मसूरी—————-29
  • चंपावत————-29
  • नैनीताल————29

गर्मी बढ़ते ही शुरू हुई पानी की किल्लत

गर्मी बढ़ते ही दून में पेयजल की किल्लत शुरू हो गई है। स्रोतों में पानी कम होने और भूजल का स्तर नीचे चले जाने के कारण जल संस्थान उपभोक्ताओं को मांग के अनुरूप पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। अब कई क्षेत्रों के लोग टैंकरों के सहारे अपना काम चला रहे हैं।

शुक्रवार को उत्तर जोन के सुमन नगर, एकता विहार, काठ बंगला, सिनोला, मालसी सहित कई क्षेत्रों में लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में भी कई जगह लो प्रेशर और पानी न आने की शिकायत मिली। ग्रामीण क्षेत्रों लाडपुर, मोहनपुर, बनियावाला, पीतांबर, नथुवावाला व रायपुर क्षेत्र के कई इलाकों में पानी नहीं आया और लोगों को अपने स्तर पर पानी की व्यवस्था करनी पड़ी। शिकायत मिलने के बाद जल संस्थान की ओर से इन इलाको में टैंकरों से पानी की सप्लाई की गई। जल संस्थान के अधिकारियों की माने तो जलस्रोत्रों में पानी की कमी और भूजल स्तर नीचे चले जाने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महाप्रबंधक निलिमा गर्ग ने कहा कि जहां पानी की दिक्कत है वहां टैकरों के माध्यम से लोगों को पानी दिया जा रहा है।

बिजली ने भी रुलाया

दूनवासियों को भीषण गर्मी में दोहरी समस्या से जूझना पड़ रहा है। एक ओर पानी की किल्लत तो दूसरी ओर बत्ती गुल। शुक्रवार को पेयजल की समस्या के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत कटौती से दूनवासी परेशान रहे। दिनभर बिजली की आंख-मिचौनी जारी रही।

Back to top button