बटाला/कपूरथला. मम्मा को पापा, चाचा और दादी ने फैन से लटका दिया। अपनी तोतली आवाज में यह खुलासा किया है तीन साल की समायरा ने। वह शुक्रवार को अपनी नानी, नाना और दूसरे परिवार के मेंबरों के पास बैठी थी। नानी ने जब पूछा कि बताओ तो मम्मा को किसने मारा पहले बोली मैं नहीं बताऊंगी। फिर नानी बोली कि मामा को बता दे तो बोली पापा, चाचा और दादी ने फैन से लटका दिया। पापा ने मम्मा को फैन से लटकाने के बाद मुझे भी धक्का मार कर गिरा दिया।
ये था मामला…
समायरा कपूरथला में रहने वाली ऋचा की बेटी है। ऋचा की कपूरथला में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। ऋचा के पति और ससुरालियों को कहना था कि ऋचा ने पति अनिल को व्हाट्सएप पर बॉय-बॉय लिखकर पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वहीं ऋचा के माता-पिता अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की सास और देवर ने इसाई धर्म अपना लिया है और वे लोग उस पर भी धर्म बदलने के लिए और बड़ी गाड़ी लाने का दबाव बना रहे थे। ऋचा ने ऐसा करने से मना किया तो उसे फंदे से लटकार कर कत्ल कर दिया गया। यही नहीं कपूरथला में ऋचा की मां नीलम ने आरोप लगाया कि ऋचा 3 महीने की गर्भवती थी।
उसे शक है कि ससुराल पक्ष ने शायद उसका गर्भपात भी कर दिया था। इस पर डॉक्टरों की तीन मेंबरी बोर्ड ने ऋचा का पोस्टमार्टम किया। कपूरथला के एसएमओ डॉ अनूप मेघ ने कहा कि प्राथमिक दृष्टि में फंदे से लटकने से मौत लगती है और प्रेग्नेंसी भी नहीं है। लेकिन ऋचा की मां नीलम के शक के कारण ऋचा का यूट्रस और विसरा जाँच के लिए लेबोरेटरी भेज दिया है। वहीं डीएसपी सब-डिविजन गुरमीत सिंह का कहना है मृतका के माता-पिता के बयानों के आधार पर धारा 306 का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संदिग्ध हालात सामने आते हैं तो मामले की धाराएं तब्दील कर दी जाएंगी। वहीं, आरोपी सास-ससुर और पति को हिरासत में ले लिया गया है। शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।