कश्मीर में हिंसा के 99 दिन, थामे नही थम रही प्रदर्शन

कश्मीर में हिंसा के 99 दिन, थामे नही थम रही प्रदर्शन….. दक्षिण KASHMIR के शोपियां में शनिवार को हुई हिंसक झड़पों में एक दर्जन के करीब प्रदर्शनकारी जख्मी हो गए। वादी में लगातार 99वें दिन भी सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। यहां मिली जानकारी के अनुसार, शोपियां के नागबल व उसके साथ सटे इलाकों में आज सुबह उस समय हिंसक प्रदर्शनों का सिलसिला शुरु हुआ, जब पुलिस का एक दल वहां सक्रिय शरारती तत्वों की धरपकड़ के लिए गया।

लोगों ने पुलिस का प्रतिरोध करते हुए पथराव शुरु कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के वाहनों को भी चारों तरफ से घेर लिया।
स्थिति को काबू करने व हिंसक प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए पुलिसकर्मियो ने आंसू गैस और लाठियों का भी सहारा लिया। इस दौरान पुलिस ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग का भी सहारा लिया,लेकिन अधिकारिक तौर पर फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि हिंसक झढ़पों में एक दर्जन से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं।

वादी में दुकानें व सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान और शिक्षण संस्थान बंद रहे। सरकारी कार्यालय खुले थे और उनमें कामकाज भी लगभग सामान्य गति से हुआ। सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या जो गत शुक्रवार को लगभग नाममात्र हो गई थी,आज फिर लगभग सामान्य होती नजर आई। लेकिन सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही ठप रही।





