25 लाख की ज्वैलरी लूटकर दिवाली से पहले ज्वैलर का निकाला दिया दिवाला

ALLAHABAD: धनतेरस पर कारोबार के बाद घर लौट रहे सर्राफा व्यापारी को बाइक सवार बदमाशों ने लम्बी चोट पहुंचा दी. शॉप बंद करके घर लौटते समय बदमाशों ने चाकू की नोक पर दिन भर हुए बिजनेस का पैसा और बची ज्वैलरी लूटकर भाग निकले. करीब 25 लाख रुपए की चोट पहुंचने व्यापारी हक्का-बक्का रह गए. सूचना मिलने पर बाकी व्यापारी गुस्से में आ गए और चौकी का घेरा करने पहुंच गए. व्यापारियों का तेवर देखकर पुलिस एक्टिव हुई लेकिन उसके पास बदमाशों का कोई सुराग समाचार लिखे जाने के समय तक नहीं था.
ये भी पढ़े: दिवाली से ठीक पहले जुआ और शराब के चक्कर में 96 लोगों को किया गया गिरफ्तार
बदमाशों ने पहले से कर रखी थी रेकी
मध्य प्रदेश बार्डर के चाक घाट निवासी अनंत कुमार सोनी की नारी बारी एरिया में ज्वैलरी शॉप है. वह रोज चाक घाट से बाइक से आते-जाते है. मंगलवार को भी वह रोज की तरह अपने बेटे सूरज के साथ दुकान आए थे. धनतेरस का दिन होने के चलते उन्होंने ज्वैलरी की मात्रा बढ़ा ली थी. डिमांड के अनुसार सेल भी हुई. रात करीब आठ बजे उन्होंने अंधेरा हो जाने पर दुकान बंद की. उन्होंने बची हुई ज्वैलरी के साथ बिक्री के रूपए एक बैग में रखे हुए थे. नारी बारी चौकी से करीब दो किमी भी आगे बढे थे. तभी अचानक एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली और बैग छीनने की कोशिश की. विरोध करने पर एक ने चाकू निकाल लिया और जान से मार देने की धमकी दी. जान का खतरा होने पर बाप-बेटे ने सरेंडर कर देना ही ज्यादा बेहतर समझा और बदमाश बैग छीनकर भाग निकले. श्री सोनी के अनुसार बैग में आठ ग्राम सोना व दिन भर की बिक्री लाखों रुपए नगद था. माना जा रहा है कि व्यापारियों की बदमाशों ने पहले से रेकी कर रखी थी. मौका अच्छा देखकर उन्होंने सुनसान एरिया को घटना को अंजाम देने के लिए चुना और आराम से निकल भागे.
मौके पर पहुंचे एसपी यमुनापार
बदमाशों के जाने के बाद व्यापारी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए. जब तक लोग बदमाशों का पीछा करने के बारे में सोच पाते वे आंखों से ओझल हो चुके थे. लूट की सूचना जंगल में लगी आग की तरह फैली तो स्थानीय व्यापारी सैकड़ों की संख्या में एकत्र हो गए. सूचना एसपी यमुनापार समेत शंकरगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. इस दौरान व्यापारी व स्थानीय जनता ने पुलिस के प्रति अपना आक्रोश भी व्यक्त किया. बताया जाता है कि बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद चाक घाट की तरफ भागे है. पुलिस मध्य प्रदेश के बार्डर और आस पास के इलाके में देर रात तक बदमाशों की तलाश करती रही लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया.
ये भी पढ़े: अगर गलती से तुलसी के पत्तों के साथ किया ये काम, तो पड़ेगा पछताना
रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है. मध्य प्रदेश बार्डर पर एलर्ट किया गया है. कोशिश है कि बदमाश पकड़ लिए जाएं और माल भी बरामद हो जाए.





