उत्तराखंड के 24 हजार उपनल कर्मी हड़ताल पर, दो दिन नहीं करेंगे काम
देहरादून: प्रदेश के तमाम विभागों और निगमों में ‘लाइफलाइन’ की भूमिका निभाने वाले करीब 24 हजार उपनल कर्मी सोमवार और मंगलवार को काम नहीं करेंगे। उपनल कर्मचारी महासंघ ने मांगों को लेकर दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। परेड मैदान में एकत्र होकर उपनल कर्मी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दीपक चौहान ने कहा कि लंबे वक्त से समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार इसे लागू नहीं कर रही है।
महासंघ की मांग है कि जब तक यह व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक न्यूनतम मानदेय 21 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया जाए। साथ ही कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नियमावली भी बनाई जाए, लेकिन सरकार कर्मचारियों की नहीं सुन रही है। अगर यही रवैया रहा तो बेमियादी हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
उत्तरकाशी में विभागों में कार्य प्रभावित
उत्तरकाशी। उपनल कर्मचारी महासंघ के अह्वान पर उत्तरकाशी में विभिन्न विभागों में तैनात उपनल कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। जिले में 750 उपनल कर्मचारी हैं। इनके कार्य बहिष्कार से विभागों में कार्य प्रभावित हुए। सबसे अधिक उपनल कर्मचारी ऊर्जा निगम व राजस्व विभाग में हैं। अपनी दो सूत्रीय मांग को लेकर उपनल कर्मचारियों ने सोमवार को अपना दो दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू किया।
सोमवार को उत्तरकाशी कलक्ट्रेट में कर्मचारी पहुंचे। कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग में समान कार्य का समान वेतन व कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए ठोस नियमावली बनाई जाए। इस मौके संदीप भाटिया, विपिन असवाल, विकास पंवार, विनोद मोदी, सेमवाल, अतोल सिंह पंवार, गणेश भेजना, फूल सिंह बिष्ट, धन राज बिष्ट, कौशल बिष्ट, गोविन्द ने भी आदि मौजूद थे।





