24 घंटे के भीतर तीसरी बार पाक ने तोड़ा सीजफायर, LoC पर गोलाबारी

पाकिस्तान ने मंगलवार को लगातार तीसरे दिन एलओसी पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी की। जिले के केरी सेक्टर स्थित तीन गांवों में पाकिस्तानी सेना ने गोले दागे। 24 घंटों के भीतर एलओसी पर यह तीसरा सीजफायर उल्लंघन है।24 घंटे के भीतर तीसरी बार पाक ने तोड़ा सीजफायर, LoC पर गोलाबारी
 
जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने सुबह करीब पौने दस बजे केरी सेक्टर के मीठीधारा, बसाली और चिट्टी बकरी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। सीमा पार से पहले छोटे हथियारों और बाद में मोर्टार के गोले दागे गए।

पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। वहीं भारतीय सेना ने भी गोलाबारी का जवाब दिया। करीब दो घंटे तक हुई गोलाबारी में कहीं से नुकसान की खबर नहीं है। दोपहर बाद करीब 12 बजे गोलाबारी थमी।

‘किसी भी स्थिति से निपटने में सक्षम है सेना’

सैन्य प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि पाक गोलाबारी का भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। सेना किसी भी स्थिति से निबटने में सक्षम है। किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। ज्ञात हो कि पाक ने सोमवार को एलओसी पर राजोरी और पुंछ जिले में गोलाबारी की थी। राजोरी के बालाकोट सेक्टर और पुंछ के दिगवार इलाके में गोले बरसाए थे।
Back to top button