इलाहाबाद में 22वीं पुलिस तैराकी प्रतियोगिता का हुआ आगाज
इलाहाबाद : जार्जटाउन स्थित तरणताल में शनिवार को 22वीं इलाहाबाद जोन अंतर जनपदीय पुलिस तैराकी और क्रासकंट्री प्रतियोगिता का आगाज हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन तैराकी की स्पर्धा हुई। रविवार से क्रासकंट्री की स्पर्धा होगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक प्रोटोकाल पूर्णेदु सिंह ने किया।
मुख्य अतिथि पूर्णेदु सिंह ने कहा कि पुलिस कर्मी जिन परिस्थितियों में काम करते हैं, उसके साथ खेलकूद भी जरूरी है। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से तो खेलना जरूरी है। मानसिक तनाव दूर करने में भी कारगर है। इसलिए नियमित रूप से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहता है। उन्होंने खिलाडि़यों का मनोबल बढ़ाते हुए कहाकि उनके शानदार प्रदर्शन से पुलिस का नाम ऊंचा होता है। प्रतियोगिता में इलाहाबाद जोन की इलाहाबाद, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा समेत कई जिलों की टीमें प्रतिभाग ले रही हैं। एडीजी करेंगे प्रतियोगिता का समापन
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में एडीजी एसएन साबत मौजूद रहेंगे। वह खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें पुरस्कृत भी करेंगे। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अलग से सम्मानित किया जाएगा।
यूपी नौकायन टीम में इलाहाबाद के सात तैराक
इलाहाबाद : चार जून से चेन्नई में होने वाली 21वीं सब जूनियर राष्ट्रीय नौकायन प्रतियोगिता के लिए यूपी की टीम की घोषणा हो गई है। इसमें सात तैराक इलाहाबाद के हैं। इलाहाबाद जिला नौकायन एसोसिएशन के सचिव राजन निषाद ने बताया कि शिवम निषाद को कप्तान बनाया गया है। टीम में सागर निषाद, अभिषेक सिंह, युवराज सिंह यादव, मांनशु निषाद, शानतानु श्रीवास्तव और चेष्टा यादव शामिल हैं। कोच मनीष तिवारी के साथ टीम तीन जून को इलाहाबाद छिवकी स्टेशन से रवाना होगी। खिलाड़ियों के चयन पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. आरडी शर्मा, सुधीर शर्मा, पुनीत अग्रवाल, एके रायजादा, राम निरंजन आदि बधाई दी।





