2026 में टॉप-10 दिग्गज कंपनियों की वैल्यू 11 लाख करोड़ घटी, कॉरपोरेट जगत को बड़ा झटका

देश की 10 सबसे मूल्यवान गैर सरकारी कंपनियों का वैल्यूएशन पिछले साल की तुलना में 2026 में 11 लाख करोड़ रुपये कम हुआ है। इन कंपनियों का कुल मूल्यांकन एक साल पहले 97 लाख करोड़ रुपये था जो अब घटकर 86 लाख करोड़ रुपये रह गया है।
मूल्यांकन में गिरावट के बावजूद इन कंपनियों का वैल्यूएशन अभी भारत की जीडीपी का लगभग एक चौथाई है और ‘2025 बरगंडी प्राइवेट हुरुन इंडिया 500’ सूची की कुल वैल्यू का 27 प्रतिशत हिस्सा है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लगातार पांचवें साल भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। 2026 के दौरान इसके वैल्यूएशन में 1.8 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की वृद्धि हुई।
बजाज फाइनेंस प्रतिशत के हिसाब से सबसे ज्यादा वैल्यू बनाने वाली कंपनी रही और इसका मूल्यांकन 5.8 लाख करोड़ रुपये आंका गया। पिछले एक दशक में शीर्ष 10 कंपनियों का कुल मूल्यांकन 3.5 गुना बढ़ा है जबकि सात कंपनियां पिछले पांच वर्षों से शीर्ष 10 की सूची में बनी हुई हैं।
हुरुन इंडिया 500 में शामिल कुल कंपनियों की बात करें तो इनका वैल्यूएशन 3.4 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गया है। 2026 के दौरान 500 में से केवल 198 कंपनियों के मूल्यांकन में वृद्धि हुई है, जिससे पता चलता है कि निवेशकों ने वृद्धि की कहानियों के बजाय मजबूत बिजनेस फंडामेंटल को ज्यादा महत्व दिया।
रिपोर्ट में भारतीय अर्थव्यवस्था में उद्यमशीलता के बढ़ते दायरे की ओर भी इशारा किया गया है और इस सूची में 95 नई कंपनियां शामिल हुई हैं और उन्होंने कुल मिलाकर 18.45 लाख करोड़ रुपये जोड़े हैं। 2021 के बाद से सूची में एक-तिहाई से ज्यादा कंपनियां बदली हैं और यह अलग-अलग उद्योग और बिजनेस माडल में तेजी से हो रहे बदलावों को दिखाता है।
पांच आइपीएल टीमों ने भी हुरुन इंडिया 500 में जगह बनाई
पांच आइपीएल टीमों (चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रायल्स और रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु) ने 2025 बरगंडी प्राइवेट हुरुन इंडिया 500 की सूची में जगह बनाई है।
यह खेल से जुड़े व्यवसायों के बढ़ते व्यावसायिक प्रभाव और खेल के मैदान से परे क्रिकेट टीमों की बढ़ती वैल्यूएशन को दिखाता है। इन टीमों की कुल वैल्यूएशन 71,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
इस सूची में कोलकाता नाइट राइडर्स सबसे ज्यादा मूल्यांकन (20,850 करोड़ रुपये) वाली आइपीएल फ्रेंचाइजी के तौर पर उभरी है। वह सूची में 270वें स्थान पर है। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स 19,550 करोड़ रुपये के साथ 285वें स्थान पर है, जबकि रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु की वैल्यूएशन 16,700 करोड़ रुपये है और वह 330वें स्थान पर है।
राजस्थान रॉयल्स 15,700 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन के साथ 343वें स्थान पर और पंजाब किंग्स 14,050 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ 390वें स्थान पर है।





