2026 में शॉर्ट ट्रिप्स बनीं Gen-Z की पहली पसंद, साल में 6-6 ट्रिप्स कर रहे प्लान

आज के दौर में घूमने-फिरने का अंदाज पूरी तरह बदल चुका है। अब वह जमाना गया जब लोग साल में एक बार किसी लंबी छुट्टी का प्लान बनाते थे। 2026 की एक ट्रैवल रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया के युवाओं यानी जेन-जी के लिए अब ट्रैवल उनकी नियमित लाइफस्टाइल का एक अहम हिस्सा बन गया है।
छोटी लेकिन बार-बार ट्रिप
रिपोर्ट के चौंकाने वाले आंकड़े बताते हैं कि लगभग 73% जेन-जी यात्री अब एक साल के भीतर 1 से लेकर 6 ट्रिप्स तक प्लान कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि लंबी छुट्टियों के बजाय अब छोटी यात्राओं का क्रेज बढ़ रहा है। एशिया के 86% युवा अब केवल 1 से 7 दिनों की छोटी ट्रिप्स पर जाना पसंद कर रहे हैं। यह बदलाव खासतौर से भारत, थाईलैंड और वियतनाम जैसे देशों में बहुत तेजी से देखा जा रहा है।
डेस्टिनेशन नहीं, अनुभव है जरूरी
आज का युवा सिर्फ जगह देखने के लिए घर से नहीं निकलता, बल्कि वह यह देखता है कि वहां जाकर उसे अनुभव क्या मिलेगा। रिपोर्ट के अनुसार, यात्रा चुनने के पीछे के तीन अहम कारण हैं-
लोकल कल्चर- 32% युवा किसी नई जगह की संस्कृति और वहां के रहन-सहन को गहराई से समझने के लिए ट्रैवल करते हैं।
एडवेंचर और प्रकृति- ट्रेकिंग, प्रकृति के करीब रहना और आउटडोर एक्टिविटीज 30% युवाओं की बड़ी पसंद है।
लोकल फूड- 28% युवा सिर्फ नई जगहों के जायके और वहां के खास पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए ट्रिप प्लान करता है।
सोलो नहीं, अपनों के साथ सफर
अक्सर सोशल मीडिया पर हमें सोलो ट्रैवल की बहुत चर्चा देखने को मिलती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। रिपोर्ट के अनुसार, एशिया में ज्यादातर जेन-जी यात्री अकेले घूमने के बजाय अपने पार्टनर या परिवार के साथ ट्रैवल करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। सोशल मीडिया के ट्रेंड्स के बावजूद, अपनों के साथ यादें बनाना आज भी युवाओं की प्रायोरिटी बनी हुई है।
युवाओं का शॉर्ट ट्रिप कल्चर
आज का युवा अपनी छोटी-छोटी ट्रिप्स के जरिए दुनिया को एक नए नजरिए से देख रहा है। यह नया शॉर्ट ट्रिप कल्चर न केवल उनके जीवन में ताजगी भर रहा है, बल्कि टूरिज्म इंडस्ट्री को भी एक नई और रोमांचक दिशा दे रहा है।





