2.72 करोड़ रुपए में बिका एपल का पहला कंप्यूटर, इसको बनाने के लिए जॉब्स ने बेची थी अपनी वैन

डेस्कः  एपल का बनाया पहला कम्प्यूटर मंगलवार को नीलाम किया गया। RR Auction की तरफ से मैसेचुएट्स के बोस्टन में हुई इस नीलामी में एपल-1 को अमेरिकी बिजनेसमैन ने 3,75,00 डॉलर में खरीद लिया। कंपनी ने इसकी बेस प्राइस 3 लाख डॉलर रखी थी।

इसको एपल के को-फाउंडर स्टीव वोजनियाक ने डिजाइन किया था। इस कम्प्यूटर को 1976 में बनाया गया था और उस वक्त इसकी कीमत 666.66 डॉलर थी।

एपल-1 की नीलामी से पहले एपल एक्सपर्ट कोरे कोहेन ने बताया था ‘स्टीव जॉब्स का बनाया कम्प्यूटर आज भी काम कर रहा है और इसमें अभी तक सारे पार्ट्स ओरिजनल हैं।’
उन्होंने बताया कि ‘टेस्टिंग के दौरान इस कम्प्यूटर को 8 घंटे तक चलाकर देखा गया, लेकिन इसमें कोई परेशानी नजर नहीं आई।’

एपल-1 को बनाने में आने वाला खर्चा स्टीव जॉब्स और स्टीव वोजनियाक नहीं उठा सकते थे। इस कारण जॉब्स ने अपनी वैन और वोजनियाक ने अपना HP-65 कैलकुलेटर बेच दिया था।

शुरुआत में इस कम्प्यूटर की 200 यूनिट को तैयार किया गया था और ऐसा कम्प्यूटर था जिसमें न ही कोई कीबोर्ड था और न ही कोई स्क्रीन। ये सिर्फ एक मदरबोर्ड थी, जिसे टीवी सेट से कनेक्ट किया जा सकता था।

Back to top button