160 km गलत ट्रैक पर चली ट्रेन: महाराष्ट्र के बजाए MP पहुंची, अब जांच होगी

ग्वालियर.दिल्ली से कोल्हापुर जाने वाली एक स्पेशन ट्रेन मध्य प्रदेश पहुंच गई। घटना बुधवार की है। ट्रेन आगरा से गलत ट्रैक पर आई और 160 किलोमीटर रास्ता तय करके मुरैना जिले के बानमोर स्टेशन पहुंच गई। यहां पहुंचने पर ड्राइवर को अहसास हुआ कि वो गलत ट्रैक पर है। उसने अफसरों को जानकारी दी। करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को बानमोर से झांसी भेजा गया। यहां से कोल्हापुर रवाना किया गया। रेलवे के मुताबिक- घटना की जांच कराई जाएगी।

कैसे बदल गया ट्रैक?
– ट्रेन का नाम स्वाभिमानी एक्सप्रेस है। इसमें ज्यादातर किसान थे जो एक रैली के लिए दिल्ली आए थे। ट्रेन बुधवार को दिल्ली से रवाना होकर आगरा पहुंची।
– आगे मथुरा-कोटा ट्रैक पर जाना था। लेकिन, गलती से इसे आगरा-मुरैना ट्रैक पर रवाना कर दिया गया। इसी ट्रैक पर चलते हुए ट्रेन मुरैना के करीब बानमोर स्टेशन पहुंच गई। यहां आकर ड्राइवर को अहसास हुआ कि वो गलत ट्रैक पर आ गया है। लेकिन, तब तक 160 किलोमीटर का सफर तय हो चुका था।
आधे घंटे बाद सही रास्ते पर स्वाभिमानी एक्सप्रेस
– जैसे ही ड्राइवर को समझ आया कि वो गलत ट्रैक पर है, उसने इसकी जानकारी सीनियर अफसरों को दी।
– आधे घंटे बाद ट्रेन को झांसी भेजा गया। इसके बाद, उसे कोल्हापुर रवाना किया गया। ट्रेन को मथुरा से कोटा-सूरत और पुणे होते हुए कोल्हापुर जाना था।
– बानमोर स्टेशन मास्टर भी यह देखकर हैरान था कि आखिर ये ट्रेन इस स्टेशन पर कैसे आ गई। क्योंकि, इसका कोई शेड्यूल ही नहीं था।
ये भी पढ़ें: 8वीं में फेल छात्र 23 साल की उम्र में बना करोड़ों का मालिक, CBI भी जिसकी आगे बनी मुरीद
किसानों का हंगामा
– गलत ट्रैक पर आने की जानकारी किसानों को मिली तो उन्होंने भी हंगामा किया।
– झांसी रेल मंडल के PRO प्रदीप सुडेले ने बताया- स्पेशल ट्रेन आगरा डिवीजन की गलती से बानमोर तक आ गई थी। बानमोर में मालूम हुआ कि इस रूट पर बुधवार को ऐसी किसी ट्रेन का अराइवल शेड्यूल में था ही नहीं। झांसी से ट्रेन को बीना के रास्ते कोटा रवाना किया गया। यह गुरुवार को कोल्हापुर पहुंचेगी।
– PRO के मुताबिक- लगता है कि आगरा डिवीजन से यह गलती हुई है। इसकी जांच सीनियर अफसर कर रहे हैं।





