10 से 15 सालाें में भारत सात हजार खरब रुपये की अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा: राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा है कि देश में बढ़ते कौशल से अगले 10 से 15 सालाें में भारत सात हजार खरब रुपये की अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने 2024 तक भारत को साढे़ तीन हजार खरब रुपये की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य पहले ही तय कर लिया है।

‘डिफेंस-कनेक्ट’ कार्यक्रम में राजनाथ ने कहा, पीएम मोदी ने जो लक्ष्य तय किया है मुझे लगता है कि जैसा कौशल हमारे देश में आ रहा है हम दस से 15 सालों में सात हजार खरब रुपये की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। पिछले महीने राजनाथ सिंह ने निजी सेक्टर को रक्षा उद्योग में आगे आने का निमंत्रण दिया था।

22वें इंडिया इंटरनेशनल सिक्योरिटी एक्सपो 2019 में उद्योगों के प्रमुखों को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा, अर्थव्यवस्था को आगे ले जाने के सरकार के लक्ष्य में रक्षा क्षेत्र बड़ी और अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य विश्व स्तरीय घरेलू रक्षा उद्योग विकसित करना है जो पूरी तरह आत्म निर्भर हो ताकि रक्षा उपकरणों के आयात पर निर्भरता कम हो सके।

Back to top button