1 दिन के लिए 5 वर्षीय दिव्यांग को बनाया MLA

एक दिन के विधायक प्रोटोकॉल के मुताबिक दिव्यांग अरुण अहरिवार ने बुधवार को जनसमस्याओं को सुनने और निस्तारण करने के बाद देर रात चरखारी नगर कोतवाली के निरीक्षण करने भी पहुंचे और कोतवाली में बैठकर सरकारी रजिस्टर को विधिवत निरीक्षण करने के बाद में एक सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपना फोटो अपलोड किया
बुंदेलखंड के महोबा जिले में बुधवार को बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने एक 5 वर्षीय दिव्यांग को एक दिन का विधायक बनाकर एक अनूठा कारनाम किया. जन्म से ही बोलने में अक्षम दिव्यांग अरुण अहरिवर नामक बच्चे के प्रति चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत के प्रेम को भी स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की है.
रिपोर्ट के मुताबिक एक दिन के विधायक प्रोटोकॉल के मुताबिक दिव्यांग अरुण अहरिवार ने बुधवार को जनसमस्याओं को सुनने और निस्तारण करने के बाद देर रात चरखारी नगर कोतवाली के निरीक्षण करने भी पहुंचे और कोतवाली में बैठकर सरकारी रजिस्टर को विधिवत निरीक्षण करने के बाद में एक सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपना फोटो अपलोड किया.
बीजेपी विधायक ने पांच वर्षीय दिव्यांग को एक दिन का विधायक ही नहीं बनाया, बल्कि अपने निजी सचिव समेत गनर को भी उसकी सुरक्षा में लगा दिया और अपनी गाड़ी भी उसको सौंप दी. एक दिन के विधायक बने दिव्यांग अरुण ने विधायक की तरह बाकायदा चौपाल लगाकर जन समस्याओं को सुना और चरखारी विधानसभा के फरियादियों की शिकायत का निस्तारण भी किया.
गौरतलब है बुंदेलखंड के कश्मीर कहे जाने वाले चरखारी आजकल एक दिन के विधायक बने दिव्यांग अरुण अहरिवार के कारण चर्चा में है और दिव्यांग अरुण अहिरवार को देखने के लिए वहां लोंगो का हुजूम उमड़ गया है. यही कारण था कि दिव्यांग अरुण अहरिवार जब चरखारी विधानसभा के जैतपुर कस्बे से पहुंचे तो फरियादियों की वहां खासी भीड़ थी. एक फरियादी ने उनसे बिजली की समस्या की शिकायत दर्ज कराई, तो नये-नवेले विधायक ने निजी सचिव के माध्यम से बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल बिजली व्यवस्था बहाल करने का निर्देश दिया.
वहीं, दिव्यांग बेटे को एक दिन का विधायक बना हुआ देखकर पिता तुलसीराम अहरिवार की आंखों से खुशी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे. उन्होंने बताया कि उनका दिव्यांग बेटा अरुण अहरिवार जन्म से नहीं बोल पाता है, लेकिन चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने उनके बेटे को एक दिन का विधायक बनाकर उसे जमाने भर की ख़ुशी दे दी है, जिससे उनका पूरा परिवार बेहद खुश है.





