ह्युंडई ऑटोमोबाइल ने भारतीय बाजार में पूरे किए 20 वर्ष

ह्युंडई इंडिया ने भारत में 20 साल पूरे कर लिए हैं। कोरिया की इस मशहूर कंपनी ने साल 1998 में भारत में अपने कारोबार की शुरुआत की थी। इस मौके पर कंपनी ने जश्न मनाया।
ह्युंडई ने भारत में अपनी यात्रा के सफल 20 वर्ष पूरे होने पर इस पूरे साल को जश्न के तौर पर मनाने का फैसला किया है। कंपनी जल्द ही अपना नया लोगो भी लॉन्च करेगी। इस दौरान कंपनी के कर्माचरियों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
भारत में ह्युंडई की पहली कार सैंट्रो थी, जिसे कंपनी के चेन्नई स्थित प्लांट में तैयार किया जाता था। लॉन्च के बाद से ही ह्युंडई सैंट्रो भारतीय ग्राहकों की पसंद बन गई। ह्युंडई सैंट्रो उस वक्त अपने सेगमेंट की पहली कार थी जिसमें कार्बयूरेटर बेस्ड इंजन की जगह मल्टी-पोर्ट फ्यूल इंजेक्शन (MPFI) इंजन लगाया गया था।
इस खास मौके पर ह्युंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के एमडी यंग की कू ने कहा, ‘ये हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। 20 साल पहले हमने भारतीय ऑटो इंडस्ट्री को बदलने का सपना देखा था और आज हम अपने अलग अलग प्रोडक्ट की मदद से वो सपना पूरा होता दिख रहा है।
मेक-इन-इंडिया मुहिम से जुड़कर हमने पूरे विश्व को भारत की क्षमता से रू-ब-रू कराया है। भारतीय ग्राहकों से हमें जबरदस्त समर्थन मिला है और मुझे यकीन है कि आने वाले समय में हम पर ग्राहकों का ये विश्वास और मज़बूत होगा।’






