हैकिंग को लेकर सूचना मंत्रालय ने Facebook को किया तलब, मांगी विस्तृत जानकारी

सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस घटना से भारतीय यूजर्स पर पड़े असर के बारे में सोशल मीडिया कंपनी से विस्तृत जानकारी की मांग की है
सिक्योरिटी और हैकिंग को लेकर फेसबुक को पिछले साल से ही आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन फेसबुक के डेटा चोरी का मामला थम नहीं रहा. हाल ही में फेसबुक के पांच करोड़ यूजर्स के डेटा चोरी होने की बात सामने आई. फेसबुक ने शुक्रवार को बताया कि एक सुरक्षा खामी के चलते ऐसा हुआ और इसके चलते हैकर्स को इन यूजर्स के खातों का अधिकार मिल गया.
अब इस बात पर संज्ञान लेते हुए सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्रालय ने इस घटना से भारतीय यूजर्स पर पड़े असर के बारे में सोशल मीडिया कंपनी से विस्तृत जानकारी की मांग की है.
मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को फेसबुक को मौखिक तौर पर हैकिंग से प्रभावित भारतीय लोगों की संख्या बताने के लिए कहा गया है. उन्होंने बताया, ‘फेसबुक के अधिकारियों ने कहा कि वे अभी इसका आकलन कर रहे हैं और दो दिन में उत्तर देंगे’ हालांकि फेसबुक ने इस बारे में पूछे जाने पर जवाब देने से मना कर दिया.
पांच करोड़ यूजर्स का डेटा हुआ प्रभावित
फेसबुक ने बताया कि इस हैकिंग के कारण पांच करोड़ यूजर्स के अकाउंट प्रभावित हुए थे. कंपनी ने माना कि हैकर्स ने फेसबुक के फीचर ‘View As’ को यूजर्स के अकाउंट को हैक करने के लिए इस्‍तेमाल किया. हालांकि कंपनी ने देश के हिसाब से प्रभाव की जानकारी नहीं दी थी.

Back to top button