हुंडई ने ड्राइवरलेस ट्रक बनाया जो हाइड्रोजन से चलता

दुनियाभर के तमाम देशों में ड्राइवरलेस वाहनों को विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में हुंडई ने एक ऐसा ड्राइवरलेस ट्रक बनाया है जो पुराने जमाने की भाप से चलने वाली ट्रेन की तरह दिखता है। खास बात यह है कि यह हाइड्रोजन से चलता है और पर्यावरण के अनुकूल है। इसका डिजाइन ऐसा प्रतीत होता है, जैसे इसमें कोई दरवाजा ही न हो, लेकिन इसमें ऑटोमैटिक स्लाइड दरवाजे हैं जो बाहर से नहीं दिखते हैं। हुंडई ने इसे ‘एचडीसी-6 नेप्च्यून’ नाम दिया है। कंपनी का कहना है कि यह 2030 तक दुनिया की सभी सड़कों में पहुंच जाएगा।

कंपनी का दावा है कि यह ट्रक पर्यावरण के बेहद अनुकूल है। उत्सर्जन के नाम पर ट्रक से मात्र कुछ पानी की बूंदें निकलती हैं। इस ट्रक में पीछे एक रेफ्रिजेरेटेड ट्रेलर लगा हुआ है। इस ट्रेलर से भी बहुत कम कार्बन उत्सर्जन होता है क्योंकि यह पहला ट्रेलर है जो क्रायोजेनिक नाइट्रोजन रेफ्रिजरेशन टेक्नोलॉजी सिस्टम से लैस है। इस सिस्टम की वजह से ट्रेलर का कार्बन उत्सर्जन 90 फीसद तक कम हो जाता है।

इस ट्रक में बहुत सारे एयर फिल्टर लगाए गए हैं। यह ट्रक सामने से आने वाली प्रदूषित हवा को भी फिल्टर करता है। हुंडई मोटर ग्रुप के मुख्य डिजाइन अधिकारी ल्यूक डांकरवॉल्के के मुताबिक, हुंडई की कॉमर्शियल व्हीकल डिजाइन टीम ने पर्यावरण के अनुकूल और आधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस इस ट्रक को बनाने में बहुत मेहनत की है।

Back to top button