हिज्बुल आतंकियों के साथ नजर आया राइफलें चोरी करके भागने वाला एसपीओ

श्रीनगर:जम्मू- कश्मीर पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) जो पिछले दिनों पी.डी.पी. के विधायक के श्रीनगर स्थित घर से हथियार लेकर फरार हो गया है, माना जा रहा है कि आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन का हिस्सा बन गया है। सोशल मीडिया पर एक फोटोग्राफ शेयर की जा रही है, इस फोटोग्राफ में एस.पी.ओ. आदिल बशीर को हिज्बुल मुजाहिद्दीन के कुछ आतंकियों के साथ देखा जा सकता है। चार आतंकियों के साथ नजर आ रहे बशीर ने दो हथियार पकड़े हुए हैं। इन आतंकियों में हिज्बुल का मोस्ट वांटेड जीनत उल इस्लाम भी शामिल हैं। आदिल बशीर पीडीपी के सांसद एजाज अहमद मीर के आधिकारिक घर पर बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात था।

शनिवार शाम को बशीर मीर के घर पर साफ. सफाई के लिए आया था। इसी दिन मीर को घर वापस लौटना था। उसी शाम बशीर 8 एके.47 राइफल्स के साथ फरार हो गया। एके-47 के अलावा उसने मीर की लाइसेंसी पिस्तौल भी चुरा ली थी। पुलिस के चीफ डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस को उन लोगों के बारे में कुछ जानकारी मिली है, जिन्होंने इस काम में मीर की मदद की होगी। पिछले कुछ वर्षों में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, जहां पर पुलिसकर्मी और एसपीओ हथियारों के साथ गायब हो गए और बाद में उनके किसी आतंकी संगठन के साथ जुडऩे की खबरें आईं। लेकिन यह पहला मौका है जहां पर कोई एसपीओ इतने भारी तादाद में हथियारों के साथ गायब हो गया था। यह घटना ऐसे समय हुई है जब आतंकियों ने एसपीओ को पुलिस फोर्स छोडऩे की धमकी दी है। इन धमकियों से डरकर कुछ पुलिसकर्मियों ने पुलिस फोर्स को छोडऩे का मन भी बना लिया है। जम्मू-कश्मीर में इस समय करीब 30,000 एसपीओ है।

Back to top button