हाफिज सईद ने दी भारत में सर्जिकल स्ट्राइक की धमकी

आतंकवादी संगठन जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद ने भारत में सर्जिकल स्ट्राइक करने की धमकी दी है। हाफिज ने कहा है कि कश्मीरी मुजाहिदीन जम्मू-कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देंगे जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

पीओके के मीरपुर में रविवार को एक रैली में हाफिज ने कहा, ‘(प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी ने वह किया जो उन्हें करना था। अब कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक करने की मुजाहिदीनों की बारी है। सईद जब ये धमकी दे रहा था, तो उस समय उसके समर्थक जेहाद, जेहाद के नारे लगा रहे थे। हाफिज ने कहा, मैं भारतीय मीडिया को बताना चाहता हूं कि आप जल्द देखोगे कि पाकिस्तानी जवान कैसे सर्जिकल स्टाइक को अंजाम देते हैं। अमेरिका भी आपकी मदद नहीं कर पाएगा। मोदी को अब सर्जिकल स्ट्राइक का सही मतलब पता चल जाएगा।’
लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक सईद ने इससे पहले भी भारत में सर्जिकल स्ट्राइक की धमकी दी थी। हाफिज सईद पर एक करोड़ डालर का इनाम है। सईद ने पिछले सप्ताह कश्मीर में कथित अत्याचारों पर सधी प्रतिक्रिया देने के लिए नवाज शरीफ सरकार की आलोचना की थी और कहा था कि घाटी के लोगों को पाकिस्तान के “पूर्ण व्यावहारिक समर्थन” की जरुरत है।
-साभार अमरउजाला .कॉम





