हमारे पूर्वजों ने कभी गुलामी स्वीकार नहीं की: सुनील बंसल
एक हजार साल तक हम गुलाम नहीं रहे बल्कि गुलामी के खिलाफ लड़ते रहे
संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा ने पूरे प्रदेश में बनाया माहौल
अलीगढ़ में बंसल, गाजीपुर में मनोज सिन्हा और आगरा में गिरिराज सिंह का कार्यक्रम
लखनऊ। भाजपा ने संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश के कई स्थानों पर संकल्प दिवस मनाया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि यह ठीक है कि 15 अगस्त को हमें आजादी मिली, लेकिन यह कहना गलत होगा कि हम एक हजार साल तक गुलाम रहे। वास्तव में हम कभी गुलाम नहीं रहे, हमारे पूर्वजों ने कभी गुलामी स्वीकार नहीं की, बल्कि इसके खिलाफ हमेशा लड़ते रहे।
अलीगढ़ के संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम में सुनील बंसल ने कहा कि इतिहास बताता है कि देश में कहीं न कहीं लड़ाई चलती रही। पृथ्वीराज चौहान हों या मराठा की लड़ाई, लक्ष्मीबाई हों या फिर तात्या टोपे, शिवाजी, ऐसे कितने ही वीर थे जो लगातार लड़ते रहे, अपना बलिदान करते रहे किंतु गुलामी स्वीकार नहीं की। उन्होंने कहा कि हमें वोट बैंक की राजनीति बंद कर विकास के लिए राजनीति करनी चाहिए। 70 साल पहले गांधी जी ने स्वच्छता अभियान चलाया था। आज प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान चलाया हुआ है। अगर हम स्वच्छता पर ध्यान देंगे तो बहुत सी समस्याएं समाप्त हो जाएंगी। वहीं गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि भारत के क्रान्तिकारियों ने 1857 में आजाद भारत की कल्पना की थी वह 1947 में जाकर साकार हुई। आजादी के 70 वर्ष बीत जाने के बाद भी शहीदों के सपनों का भारत नहीं बना है। जिस संकल्प से सिद्धि हमारे आजादी के रूप में हमारे क्रान्तिकारियों ने प्राप्त की थी। पुन: उसी संकल्प को नए भारत के निर्माण के लिए दोहराना होगा। इसी तरह आगरा में केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आजादी अनगिनत महापुरुषों के बलिदान से मिली है जिसे भुलाया नही जा सकता है। प्रदेश मंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि महराजगंज रायबरेली में केन्द्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, जौनपुर में क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, अमेठी में केन्द्रीय मंत्री कृष्णाराज, इलाहाबाद गंगापर में राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी, कौशाम्बी में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी संकल्प से सिद्धि कार्यक्रमों में उपस्थित रहे।





