स्वर्गीय विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी को नगर निगम में पीआरओ

लखनऊ ब्यूरो । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोमवार को स्वर्गीय विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी की मुलाकात के बाद लखनऊ के नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी उनके आवास पर पहुंचे और शैक्षिक प्रमाण पत्र लेकर कार्यालय चले गए।कल्पना तिवारी को नगर निगम में जन संपर्क अधिकारी के पद पर नियुक्ति दी जा रही है।
नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने शैक्षिक प्रमाण पत्र लेने के बाद मीडिया को बताया की कल्पना तिवारी शैक्षिक प्रमाण पत्र ले लिया गया है, वह पोस्ट ग्रेजुएट है। कल्पना तिवारी को नगर निगम लखनऊ में जनसंपर्क अधिकारी का पद प्रदान किया गया है।
स्वर्गीय विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी को नगर निगम लखनऊ में केंद्रीयकृत सेवा के तहत नौकरी का प्रावधान किया गया। रविवार को ही लखनऊ के मेयर संयुक्ता भाटिया ने उनको नौकरी का आश्वासन दिया था। इसके बाद सोमवार की सुबह उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कल्पना तिवारी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भेंट कराई।
मुख्यमंत्री ने विवेक तिवारी की घटना को अत्यन्त दु:खद बताते हुए उनकी पत्नी, बच्चों तथा अन्य शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। इसके बाद कहा कि इस जघन्य कृत्य के दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की एसआईटी ने विवेचना कार्य प्रारम्भ कर दिया है। सरकार की तरफ से स्वर्गीय विवेक तिवारी की पत्नी को 25 लाख रुपया की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही उनकी दोनों दोनों पुत्रियों पांच-पांच लाख रुपया की एफडी के माध्यम से आर्थिक सहायता तथा स्वर्गीय विवेक तिवारी की माता को पांच लाख रुपया की आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इनके परिवार की आवास सम्बन्धी समस्या का समुचित समाधान कराने के निर्देश दिए हैं।

Back to top button