स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शूर सिंह चौहान का हो गया निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शूर सिंह चौहान का निधन हो गया। राजकीय सम्मान के साथ उन्हें सालावाला स्थित आवास पर विदाई दी गई। हरिद्वार में गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। आजादी की लड़ाई के दौरान वह कई दिनों तक जेल में रहे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।

मूलरूप से चमोली जनपद के झिरकोटी गांव के रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी शूर सिंह चौहान (96) परिवार समेत सालावाला में रहते थे। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। गत रात को उन्होंने अंतिम सांस ली। स्व. चौहान अपने पीछे पत्नी त्रिलोचनी देवी, पुत्र धर्मपाल चौहान व कमल चौहान और एक बेटी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के निधन पर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी। गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया गया। एसडीएम सदर कमलेश मेहता ने बताया कि वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। मसूरी विधायक गणेश जोशी, पार्षद भूपेंद्र कठैत, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व उत्तराधिकारी संगठन के पदाधिकारियों ने आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

लोकसभा चुनाव में दिया वोट 

देश की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाले शूर सिंह लोकतंत्र के महोत्सव यानि चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। हाल ही में निकाय और लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपने मत का प्रयोग किया था। इसके लिए दूसरों को भी जागरूक करते थे।

Back to top button