स्मृति को IB, नरेंद्र तोमर को शहरी विकास मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार…

नई दिल्ली: स्मृति ईरानी को वेंकैया नायडू की जगह सूचना प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. स्मृति ईरानी अभी कपड़ा मंत्रालय संभाल रही हैं और अब उनके पास सूचना प्रसारण मंत्रालय का जिम्मा भी होगा. इसके अलावा वेंकैया की जगह नरेंद्र सिंह तोमर को शहरी विकास मंत्रालय का प्रभार दिया गया है.

वेंकैया नायडू ने तीन मंत्रालयों से दिया है इस्तीफा
एनडीए की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद कल उन्होंने अपने तीनों मंत्रालयों से इस्तीफा दे दिया था. वेंकैया नायडू मोदी कैबिनेट में कई अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. नायडू के पास सूचना प्रसारण मंत्रालय, शहरी विकास मंत्रालय और गरीबी उन्मूलन मंत्रालय सहित तीन मंत्रालय थे.
इन मंत्रियों पर भी है अतिरिक्त प्रभार
Venkaiah Naidu resigns as Union minister, additional charge of Ministry of Urban Development given to Narendra Tomar, I&B to Smriti Irani. pic.twitter.com/Spb6KlOx9V
— ANI (@ANI_news) 18 July 2017
बता दें कि अरुण जेटली पहले से वित्त मंत्रालय के साथ रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं. इसी साल मनोहर पर्रिकर के गोवा के मुख्यमंत्री बनने से रक्षा मंत्री का पद खाली हुआ था. वहीं पर्यावरण मंत्री अनिल दवे का निधन होने से हर्षवर्धन को पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया. हर्षवर्धन पहले से विज्ञान मंत्रालय संभाल रहे हैं.
इस स्थिति को देखते हुए मोदी सरकार का नया विस्तार मानसून सत्र के बाद हो सकता है. इससे पहले साल 2014 में पहला केंद्रीय कैबिनेट विस्तार हुआ था. जिसमें 21 चेहरों को शामिल किया गया था. पिछले साल जुलाई में भी कैबिनेट में फेरबदल कर स्मृति ईरानी की जगह प्रकाश जावड़ेकर को मानव संसाधन मंत्रालय दिया गया था और स्मृति ईरानी को कपड़ा मंत्रालय भेज गया.





