स्टेज अदाकारा और डांसर किस्मत बेग को मारी गई गोली, तोड़ा दम

पाकिस्तान के शहर लाहौर में स्टेज अदाकारा किस्मत बेग और उनके गार्ड को अज्ञात हमलावरों गोली मार दी है. किस्मत बेग पर ये हमला तब हुआ जब वो अपनी कार में लाहौर के हरबंसपुरा से गुजर रही थीं.kismat_baig

हमले में किस्मत बेग बुरी तरह से जख्मी हुईं. अदाकारा को फौरी तौर पर अस्पताल लाया गया, लेकिन ज़ख्म इतने गहरे थे कि उन्होंने दम तोड़ दिया.

जियो न्यूज़ के मुताबिक, किस्मत बेग के ड्राइवर का कहना है कि तीन हमलावर कार के करीब आए और सबसे पहले रॉड से कार के शीशे तोड़े और फिर किस्मत बेग पर गोलियों की बरसात कर दी.

इस हमले में ड्राइवर भी जख्मी हुआ है. उसका कहना है कि हमलावर 9एमएम पिस्टल से लैस थे. हमलावर गोली मारने के बाद किस्मत बेग का मोबाइल फोन और गले से सोने का चेन भी निकालकर ले गए.

किस्मत बेग की मां ने इसे लूट मानने से इनकार किया है. उनका आरोप है कि बीती रात भी कुछ लोग उनकी बेटी का पीछा कर रहे थे. इससे पहले भी किस्मत बेग पर दो बार हमले हुए थे, तब वे बच गई थीं.

आपको बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान की सोशल मीडिया सनसनी कंदील बलूच को उनके भाई ने गोली मार दी थी. अब किस्मत बेग को गोली मारी गई. मुजरा की दुनिया में किस्मत बेग का नाम काफी बड़ा था. उनके मुजरा के अनेक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखे जाते हैं.

Back to top button