सोने में तेजी बरकरार, पहुंचा 34 हजार के पार

स्थानीय ज्वेलरों की ओर से मांग बढ़ने पर राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में सोना सोमवार को 340 रुपये महंगा होकर 34,450 रुपये प्रति 10 ग्राम का हो गया। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से लिवाली घटने से चांदी हालांकि 130 रुपये गिरकर 41,530 रुपये प्रति किलोग्राम की रह गई।

सराफा कारोबारियों ने कहा कि ज्वेलरों की ओर से मांग बढ़ने से घरेलू बाजार में सोने की कीमत बढ़ी है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजारों के कमजोर रुझान से कीमत में बढ़ोतरी अधिक नहीं हो सकी। न्यूयॉर्क में सोने का भाव गिरकर 1,312.20 डॉलर प्रति औंस (28.35 ग्राम) और चांदी का भाव 15.83 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसद खरा सोना 340 रुपये महंगा होकर 34,450 रुपये प्रति 10 ग्राम का हो गया और 99.5 फीसद खरा सोना भी इतना ही महंगा होकर 34,300 रुपये प्रति 10 ग्राम का हो गया। आठ ग्राम सोने की गिन्नी भी 100 रुपये महंगी होकर 26,100 रुपये प्रत्येक पर पहुंच गई।

चांदी हाजिर 130 रुपये गिरकर 41,530 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई और वीकली डिलीवरी भी 139 रुपये गिरकर 40,437 रुपये प्रति किलो पर आ गई। चांदी के सिक्कों की कीमत हालांकि प्रति सैकड़ा 80,000 रुपये खरीद और 81,000 रुपये बिक्री पर कायम रही।

Back to top button