सीबीआई मुख्‍यालय पहुंचे हरीश रावत, होगी पूछताछ

113361-harish-rawatदेहरादून : स्टिंग आपरेशन केस में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत मंगलवार को सीबीआई के सामने पेश होने के लिए जांच एजेंसी के मुख्‍यालय पहुंचे।  रावत दो दिन के प्रवास पर सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां उनसे स्टिंग आपरेशन की चल रही जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के समक्ष पूछताछ होगी और सवालों के जवाब देंगे।

 

हालांकि, रावत का कहना है इस मामले में मैं पीड़ित हूं। आज सीबीआई मुख्यालय के लिए निकलते वक्त रावत ने कहा कि मैंने सिर्फ यह स्वीकार किया है कि मैं उस शख्स से सिर्फ मिला था जो पत्रकार के संपर्क में था। इसलिए इस मामले में पीड़ित मैं हूं और वो शख्स आरोपी है। इसके अलवा मुझे जो भी कहना है मैं सीबीआई को बताऊंगा।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय की ओर से स्टिंग सीडी प्रकरण की सीबीआई जांच पर रोक लगाने से इंकार करने के बाद मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा था कि वह सीबीआई के बुलावे पर दिल्ली जाएंगे और जांच में पूरा सहयोग देंगे।

बता दें कि राज्य में सियासी संकट के दौरान 26 मार्च को पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने दिल्ली में मीडिया को स्टिंग की सीडी जारी की थी। इस स्टिंग में विधायकों की खरीद फरोख्त को लेकर बातचीत का मामला दिखाया गया है। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सीबीआई से दिल्ली की बजाय देहरादून आकर पूछताछ करने का अनुरोध किया था। पर सीबीआई ने उनके अनुरोध को नहीं माना।

वैसे, रावत के एक दिन पहले दिल्ली जाने से यह माना जा रहा है कि वह इस दौरान पार्टी हाईकमान से आगामी 11 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवार तय करने के बारे में भी बातचीत करेंगे।

भाजपा सांसद तरुण विजय के चार जुलाई को समाप्त हो रहे कार्यकाल के मद्देनजर उत्तराखंड की एकमात्र राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव के लिये आज नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि है। यह पूछे जाने पर कि क्या अपने दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी या उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात करेंगे, कुमार ने कहा कि फिलहाल उनका ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है। लेकिन उन्होंने साथ ही यह भी जोड़ा कि अपने पार्टी के नेताओं से मिलने के लिये कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होना जरूरी भी नहीं है।

Back to top button