सीतापुर में डीएम-एसपी ने परखी बाॅर्डर की सुरक्षा व्यवस्था

नैमिषारण्य में निर्माणाधीन कोतवाली का भी किया भ्रमण
सीतापुर: दो दिन के लाॅकडाउन की समीक्षा के लिए शनिवार को डीएम-एसपी ने मुख्यालय से लेकर हरदोई बाॅर्डर तक निरीक्षण किया। इस दौरान यहां पर पुलिस द्वारा की जा रही सख्ती का जायजा लिया। साथ ही नैमिषारण्य में निर्माणाधीन कोतवाली का निरीक्षण कर निर्माण कार्य को तय समयावधि में पूरा करने के आदेश भी दिए।
सीतापुर के नैमिषारण्य में निरीक्षण करते डीएम अखिलेश तिवारी और एसपी आरपी सिंह।गौरतलब है कि शुक्रवार रात से लेकर सोमवार सुबह तक होने वाले लाॅकडाउन का सख्ती से पालन हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस महकमे द्वारा मुस्तैदी बरती जा रही है। व्यवस्थाओं में कोई कमी न हो इसके लिए अधिकारी भी क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी व पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने तमाम अधिकारियों के साथ सीतापुर शहर से लेकर मिश्रिख-हरदोई बाॅर्डर तक निरीक्षण किया। सबसे पहले रामकोट पहुंचकर डीएम-एसपी ने मुख्य मार्गों पर की गई बैरीकेडिंग पर मौजूद पुलिस कर्मियों से लाॅकडाउन की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मिश्रिख कस्बे का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नैमिषारण्य के बरगदिया में सीतापुर-हरदोई बाॅर्डर पर व्यवस्थाएं देखीं। यहां मुस्तैद पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि बेवजह कोई भी व्यक्ति मूवमेंट न करे। ऐसे लोगों के विरुद्ध कोविड गाइडलाइन के तहत कार्रवाई की जाए। डीएम-एसपी ने नैमिषारण्य में निर्माणाधीन कोतवाली का निरीक्षण कर निर्माण कार्य गुणवत्तापरक कराने और तय समयावधि में पूरा करने के आदेश दिए। इस दौरान एसडीएम मिश्रिख राजीव पांडेय, सीओ मिश्रिख अभय मल्ल व कोतवाल इंद्रजीत सिंह समेत लोग मौजूद रहे।





