सीतापुर के टैलेंटेड बच्चों का होगा चयन, 5 से 18 साल तक के बच्चों को मौका

सीतापुर। अब खेलकूद प्रतियोगिताओं में गंवई इलाके के बच्चे भी अपना कौशल दिखा सकेंगे। बिना भेदभाव के बच्चों का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण उनके कौशल के अनुसार करेगा। बच्चे का चयन होने के बाद उन्हें खेल प्राधिकरण सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर कैरियर सवांरने का मौका देगा।
केंद्र सरकार सें निर्देश मिलने के बाद प्रमुख सचिव खेल ने 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के छात्र छात्राओं का पंजीकरण करने का आदेश जारी कर दिया है। आदेश मिलने के बाद बीएसए अजीत कुमार ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का अनुपालन कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। तकनीकी जानकारी के लिए जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा को नियुक्त किया गया है।
‘केरोना वायरस के चलते शिक्षण कार्य नहीं हो रहा है, पहले जिले के सभी स्कूलों का पंजीकरण कराया जा रहै है। स्कूल खुलने के बाद सभी छात्र छात्राओं का चयन किया जाएगा। खेलों को बढ़ावा देने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।’
राज शर्मा, जिला व्यायाम शिक्षक
राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं में ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे संसाधनों के अभाव में अपने कौशल दिखाने में पिछड़ जाते थे। संसाधनों के अभाव के साथ उनके आगे आर्थिक समस्या एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी, पर भारतीय खेल प्राधिकरण भारत सरकार के खेलो इण्डिया एप के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों का स्कूलों के माध्यम से पंजीकरण कराकर चयन करेगा। इसके तहत जिले के सभी परिषदीय व माध्यमिक स्कूलों का पंजीकरण किया जाएगा।
शिक्षक परखेंगे छात्रों का कौशल
विद्यालय स्तर पर शिक्षक छात्र छात्राओं विभिन्न प्रकार की खेल कूद प्रतियोगिताएं कराकर उनके मानसिक और शारीरिक क्षमताओं का मूल्यांकन करेगा। इसके बाद उनका चयन कर पंजीकरण कराने का कार्य करेंगे। जिस खेल क्षेत्र में छात्र का मानसिक और शारीरिक दशा मजबूत होगी उसी क्षेत्र में छात्र का पंजीकरण किया जाएगा।
घर पर करें अभ्यास
केरोना वायरस के चलते अभी जिले के सभी स्कूल बंद हैं। इस लिए बच्चे घरों में रहकर या सुरक्षित स्थानो पर 100 मीटर की दौड, शटल रन 60 मीटर के 6 राउंड, मेडिसिन बाल थ्रो एक किलो वनज के खेलकूद पर बच्चे अभ्यास कर सकते हैं।





