सीएम योगी समेत पांच मंत्रियों ने किया नामांकन

यशवंत सिंह की सीट पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया नामांकन 
सभी का निर्विरोध चुना जाना तय पिछले दिनों ही सपा व बसपा के नेताओं ने इस्तीफा देकर खाली की थीं सीटें

लखनऊ। विधान परिषद चुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पांच उम्मीदवारों ने आज नामांकन पत्र दाखिल किया। इन सभी का निर्विरोध चुना जाना भी तय माना जा रहा है। विधान भवन में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ दिनेश शर्मा, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने नामांकन किया। इस मौके पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय समेत मंत्री, विधायक व पदाधिकारी मौजूद रहे। 
सीएम योगी आदित्यनाथ समेत अन्य प्रत्याशी पहले बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे और वहां से करीब 11 बजे नामांकन दाखिल करने के लिए एक साथ विधान भवन गए। मुख्यमंत्री योगी ने यशवंत सिंह की सीट पर अपना नामांकन किया तो वहीं बुक्कल नवाब की सीट पर केशव मौर्य, अशोक बाजपेई की सीट पर दिनेश शर्मा, सरोजनी अग्रवाल की सीट पर स्वंत्रदेव सिंह और जयवीर सिंह की सीट पर मोहसिन रजा ने अपना नामांकन भरा। मालूम हो कि पिछले दिनों ही यशवंत सिंह, सरोजनी अग्रवाल, बुक्कल नवाब, अशोक बाजपेई और जयवीर सिंह ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा ज्वाइन किया था। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री समेत अन्य सभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। इन्हें 18 सितम्बर तक किसी भी सदन का सदस्य बनना अनिवार्य है। अब देखना होगा कि विपक्षी दल अपना उम्मीदवार खड़ा करते हैं या नहीं क्योंकि संख्या बल के हिसाब से बीजेपी के प्रत्याशियों की जीत तय है। ऐसे में अगर कोई दल अपना प्रत्याशी नहीं खड़ा करता है तो इनका निर्विरोध चुना जाना तय है।

Back to top button