सहारागंज पार्किंग: पुलिस और निगम आमने-सामने

पुलिस पर लगाया कर्मचारियों को प्रताडि़त करने का आरोप
लखनऊ। सहारागंज पार्किंग के सामने नगर निगम द्वारा कार्यदायी संस्था के माध्यम से वाहन पार्किंग संचालित हो रही है। पार्किंग के संचालन के तरीकों को लेकर पुलिस को आपत्ति रहती है। सोमवार को पुलिस ने पार्किंग के एक कर्मचारी को जबरन चौकी में बैठा लिया। सूचना पाकर नगर निगम के कर अधीक्षक राजेश सिंह मौके पर पहुंचे। काफी गरमा-गरमी के बाद पुलिस ने कर्मचारी को छोड़ा। पुलिस का कहना है कि पार्किंग संचालक टोकन में बिना गाड़ी नंबर डाले टोकन लगा रहें हैं और पार्किंग में बेतरतीब गाडिय़ां खड़ी होती हैं जिसके चलते सडक़ पर यातायात की समस्या पैदा हो रही है।
कार्यदायी संस्था के संचालक और नगर निगम के कर अधीक्षक राजेश सिंह का आरोप है कि पुलिस खुद अपने वाहन बेतरकीब तरीके से खड़ी करती है और बेवजह कर्मचारियों को प्रताडि़त कर रही हैं। इससे पहले इस स्थान पर निजी ठेकेदार पार्किंग संचालित कर रहे थे तब पार्किंग से दोगुनी वसूली और मारपीट के मामले प्रकाश में आते थे। उस समय जनता से जबरन तय शुल्क से अधिक वसूली होती थी। इसी वजह से नगर निगम ने ठेका संभाला।





