IS संदिग्‍धों के बचाव पक्ष के वकीलों को ‘मौत व घर जलाने की धमकी’

राजकोट। जामनगर में दक्षिणपंथी संगठन ने वकीलों व उनके परिजनों को मौत की धमकी देते हुए कहा है कि गिरफ्तार आइएसआइएस संदिग्‍धों का कोर्ट में बचाव करने वाले वकील की परिवार समेत जान ले लेंगे।IS संदिग्‍धों के बचाव पक्ष के वकीलों को ‘मौत व घर जलाने की धमकी' मंगलवार को गुजरात के हिंदू सेना के अध्‍यक्ष प्रतीक भट्ट ने जामनगर में वकील इम्‍तियाज कोरेजा को खुले तौर पर धमकी दी है। बता दें कि भट्ट खुद को गुजरात में हिंदू सेना का अध्‍यक्ष बताते हैं।

भट्ट ने कहा कि सभी वकीलों ने इन आईएस संदिग्धों का केस लड़ने से इनकार कर दिया है, लेकिन इम्तियाज ने उनका केस लड़ने की इच्छा जताई है। हिंदू सेना ने खुले तौर पर इम्तियाज और उनके परिवार की हत्या करने की धमकी दी है, अगर वह यह केस लेते हैं। उन्होंने कहा कि इम्तियाज इसके लिए खुद ही जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने वकीलों से कहा कि वह संदिग्धों को बचाने के लिए आगे न आएं, वरना हिंदू सेना उनके खिलाफ जाएगी। वहीं सोमवार को राजकोट बार असोसिएशन ने एक प्रस्ताव पास किया कि उसका कोई भी सदस्य संदिग्ध वसीम रामोदिया और नईम रामोदिया का केस नहीं लड़ेगा और राज्‍य की पुलिस को अपना समर्थन देंगे।

भट्ट ने इम्‍तियाज के घर को जला डालने की भी धमकी दी। भट्ट ने धमकी संबंधित प्रेस नोट भी जारी कर दिया। खुले तौर पर खतरनाक धमकी देने के बावजूद जामनगर बी-डिविजन पुलिस ने भट्ट को हिरासत में लिया और  कुछ ही देर में छोड़ दिया। सूत्रों के मुताबिक भट्ट खुद भी एक वकील हैं और बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद् के करीबी भी हैं। 

बता दें कि 27 फरवरी को गुजरात के आतंक विरोधी दस्ते (एटीएस) ने भावनगर से दो भाइयों को गिरफ्तार किया था, जो कथित रूप से आतंकी संगठन इस्लामिक के समर्थन से सुरेंद्रनगर के एक मंदिर में हमले करने की प्लानिंग कर रहे थे।

Back to top button