श्रीलंका के कई हिस्‍सों में मस्जिदों और मु‍सलमानों की दुकानों पर हमले, लगा कर्फ्यू.. सोशल मीडिया बैन

श्रीलंका में सीरियल बम धमाकों के विरोध में मुस्लिम विरोधी दंगे भड़क उठे हैं। दंगाइयों ने देश के कई हिस्‍सों में मस्जिदों और मु‍सलमानों की दुकानों पर हमले कर उसे आग के हवाले कर दिया। इन हमलों में एक व्‍यक्ति की मौत हो गई है। दंगों को रोकने के लिए श्रीलंका सरकार ने रात में सात घंटे के लिए राष्‍ट्रव्‍यापी कर्फ्यू लगा दिया और सोशल मीडिया को बैन कर दिया है। उधर, इस बेहद तनावपूर्ण हालात के बीच जनता को बीचमंझधार में छोड़कर श्रीलंका के राष्‍ट्रपति चीन रवाना हो गए जिसको लेकर उनकी तीखी आलोचना हो रही है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक माराविला हॉस्पिटल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दंगाइयों की भीड़ ने 42 वर्षीय मोहम्‍मद अमीर मोहम्‍मद साली को काट डाला था और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। श्रीलंका के उत्‍तर-पश्चिम प्रांत के निवासियों ने बताया कि दंगाइयों की भारी भीड़ ने दूसरे दिन भी मुसलमानों की दुकानों और मस्जिदों पर हमला किया। ये हमले ऐसे समय पर हुए हैं जब मुस्लिमों का रमजान का पवित्र महीना चल रहा है। 

Back to top button