शौच के लिए गई युवती से युवक ने किया दुष्कर्म

हांसी। हांसी उपमंडल के एक गांव में दलित युवती के साथ दुष्कर्म किये जाने की घटना का चार महीने बाद खुलासा हुआ। इस पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी युवती के ही गांव का रहने वाला है। पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार किये गए युवक को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस को दी गई शिकायत में नाबालिग युवती के पिता ने बताया कि करीब चार महीने पहले सुबह-सुबह वह शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। उसने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
चार महीने बाद जब युवती की तबीयत खराब हुई तो परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए जहां उसके चार महीने की गर्भवती होने का खुलासा हुआ। इसके बाद युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बता दी।
सदर थाना प्रभारी उदयभान ने बताया कि इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद आरोपी युवक गुरूग्राम में टैक्सी चलाने का काम करने लगा था। शिवरात्रि के अवसर पर जब युवक अपने घर आ रहा था तो उसे हांसी में ही काबू कर लिया गया।





