शरीर में सूजन-जलन दूर करने और पैदा करने वाले फूड्स!

‘जैसा खाओ अन्न, वैसा होगा मन और तन”। हो सकता है कि आपने इस बात पर कभी गौर न किया हो, लेकिन हमारे खानपान की आदतें मानव जाति की शुरुआत से ही हमें प्रभावित करती आई हैं। यही नहीं जो हम खाते हैं, उसका हमारे मन और तन दोनों पर ही गहरा असर पड़ता है। जब हम कुछ ऐसा खाते हैं जो शरीर के लिए ठीक नहीं होता, तो शरीर तुरंत इसके संकेत देता है। आज हम ऐसे ही कुछ खाद्य पदार्थों के बारे में बात करने जा रहे हैं जिनकी मदद से शरीर की सूजन को दूर किया जा सकता है। साथ ही हम उन आहारों के बारे में भी जानेंगे जो शरीर में सूजन और जलन पैदा करने का कारण बन सकते हैं।शरीर में सूजन-जलन दूर करने और पैदा करने वाले फूड्स!
करेले का रस
स्वाद में करेला भले ही कड़वा हो लेकिन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है और सूजन को दूर करने में भी बहुत मददगार होता है। इसके लिए करेले का रस चार चम्मच और मकोय का अर्क (एक तरह का सफेद फूल) पांच चम्मच लें। इन दोनों को मिलाकर रोज सुबह खाली पेट लेने से आपको सूजन की समस्या नहीं होगा। अगर आपको मकोय नहीं मिलता है तो करेले के रस में एक चम्मच सोंठ का चूर्ण मिलाकर सेवन करें।
सीताफल का सेवन करें
सीताफल को प्राचीन काल से ही गुणों की खान माना जाता रहा है। काशीफल के बीज भी बहुत गुणकारी होते हैं। सीताफलऔर इसके बीजों में विटामिन सी और ई, आयरन, कैलशियम मैग्नीशियम, फॉसफोरस, पोटैशियम, जिंक, प्रोटीन और फाइबर आदि के अच्छे स्रोत हैं। सूजन को दूर करने के लिए काशीफल के आठ-दस बीजों की चटनी बनाकर शहद के साथ चाटें।
अनानास के जूस का सेवन
अनानास का जूस पीने से सूजन में कमी आती है। अनानास में मिनरल्स, विटामिन बी, सी, के, फॉलेट, कार्बोहाइड्रेट, वसा, कैल्शियम, फॉस्फोरस और हेल्दी एन्जाइम्स पाए जाते हैं। साथ ही अनानास में पाए जाने वाला ब्रोमिलेन शरीर की सूजन और गठिया में बेहद लाभदायक होता है। अनानास के जूस का सेवन करने से शरीर की सूजन कम होती है।
गुड़ का सेवन करें
गुड़ स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद होने के साथ ही स्वादिष्ट भी होता है। खाना खाने के बाद गुड़ का सेवन करने से ये भोजन को आराम से पचा देता है। साथ ही यह शरीर की सूजन को दूर करने में भी लाभदायक होता है। पुराने गुड़ को सोंठ के साथ मिलाकर खाने से शरीर की सूजन जाती रहती है। इसके अलावा दो चम्मच सूखी हल्दी तवे पर भूनकर उसमें थोड़ा-सा गुड़ मिलाकर सेवन करने से भी सूजन और संक्रमण आदि में बेहद लाभ होता है।
सूजन-जलन पैदा करने वाले खाद्य पदार्थ
कुछ प्रकार के खाद्य तेल
खाना पकाने में इस्तेमाल किए जाने वाले कई तेलों में उच्च मात्रा में ओमेगा-6 फैटी एसिड्स होते हैं तथा कम मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड्स होते हैं। आहार में इन फैटी एसिड्स का असंतुलन शरीर में जलन और सूजन पैदा कर सकता है। इस तरह की किसी संभावित समस्या से बचने के लिए आप एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑइल या अन्य किसी ऐसे तेल का उपयोग कर सकते हैं जिनमें दोनों आवश्यक फैटी एसिड्स की मात्रा संतुलित हो।
प्रोसेस्ड फूड और रेड मीट (मटन आदि)
रेड मीट में सूजन का कारण बनने वाला घटक एनईयू5जी सी होता है। इस पदार्थ के कारण शरीर में सूजन हो सकती है। इसके अलावा रेड मीट के अधिक सेवन से हृदय संबंधित बीमारियों, यहां तक कि कैंसर पैदा होने की भी संभावना हो सकती है। तो रेड मीट का अधिक सेवन भी शरीर में सूजन, जलन और वजन बढ़ने जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।
एल्कोहल का सेवन
एल्कोहल का नियमित व अधिक मात्रा के सेवन करने से भोजन नलिका और गले में जलन पैदा हो सकती है जिसके कारण शरीर में सूजन की समस्या भी हो जाती है। एल्कोहल के सेवन की वजह से लीवर (यकृत) में भी सूजन आ सकती है जिसके कारण आगे चलकर लीवर खराब भी हो सकता है।
चीनी का अधिक सेवन
चीनी की अधिक मात्रा के सेवन करने से सूजन की समस्या के अलावा मधुमेह, दांत गिरना और मोटापा जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सॉफ्ट ड्रिंक्स, फ्रूट जूस, पेस्ट्री, केक, कैण्डीज आदि में काफी मात्रा में प्रोसेस्ड चीनी होती है जिस पर हम सामान्यत: ध्यान नहीं देते तथा अधिक मात्रा में इसका सेवन करते रहते हैं। इसके कारण सूजन व जलन हो सकती है।





