विवेक तिवारी हत्‍याकांड: सना ने बताया क्‍या हुआ था उस रात

लखनऊ: पुलिसिया गुंडई का शिकार हुए विवेक तिवारी की मौत की जांच एसआईटी को मिली है। आईजी रेंज सुजीत पांडेय के नेतृत्‍व में एसआईटी मंगलवार को घटनास्‍थल पर दुबारा सीन के रिक्रिएशन के लिए पहुंची। उसके साथ विवेक तिवारी की सहकर्मी सना खान और विवेक तिवारी की पत्‍नी कल्‍पना भी थीं। सना खान वही हैं, जो घटना के वक्‍त विवेक तिवारी के साथ एसयूवी में सवार थीं। उनके सामने ही आरोपी सिपाही प्रशांत चौधरी ने विवेक तिवारी को गोली मारी थी। एसआईटी ने मौके पर पहुंचकर सना के मुताबिक पूरा क्राइम सीन रिक्रिएट किया।आईजी रेंज और फोरेंसिक टीम के अधिकारियों ने मृतक विवेक तिवारी की पत्‍नी कल्‍पना के सामने सना से उस रात का पूरा वाकया दोहराने को कहा। सना ने पुलिस वालों को बताया कि उसके बॉस विवेक तिवारी गाड़ी चला रहे थे। अचानक सामने से अपाचे बाइक से सिपाही प्रशांत चौधरी और संदीप कुमार आए। उन्‍होंने गाड़ी रोकने का इशारा किया।गाड़ी न रोकने पर और पुलिस वालों से बचकर निकलने की कोशिश में विवेक तिवारी ने एसयूवी को रिवर्स करके आगे बढ़ाया। इसके बाद अपाचे बाइक का अगला हिस्‍सा गाड़ी की चपेट में आ गया। इसपर आरोपी सिपाही प्रशांत चौधरी ने विवेक पर गोली चला दी। गोली विंड स्‍क्रीन को तोड़कर विवेक की ठोढ़ी में लगी। गोली ने विवेक को बुरी तरह घायल कर दिया। विवेक गाड़ी लेकर आगे बढ़े और आगे जाकर अंडरपास के पोल से गाड़ी टकरा गई। इस सीन को सना के मुताबिक पुलिस ने मौके पर क्रिएट किया और फोरेंसिक टीम ने घटना के हालातों को समझने की कोशिश की। इसके बाद सना जैसे ही गाड़ी में बैठी, वह फफक कर रो पड़ी। वहीं विवेक तिवारी की पत्‍नी भी घटनास्‍थल पर पहुंचते ही बेसुध नजर आईं।क्राइम सीन के रिक्रिएशन के बाद मौके पर मौजूद आईजी रेंज सुजीत पांडेय ने बताया‍ कि क्राइम सीन को दूसरी बार रिक्रिएट करके देखा गया है। हम घटना की बारीकी से जांच कर रहे हैं। इसके बाद बयान दर्ज होंगे, कई दस्‍तावेजों को भी जुटाया जाएगा। एसआईटी बहुत ही तेजी के साथ बारीकी से इस घटना की जांच कर रही है।

Back to top button