विवि परिसर में टीएमसीपी ने चलाया प्रचार…

पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय परिसर में शासक दल टीएमसी के छात्र संगठन टीएमसीपी के कार्यकर्ताओं ने प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संस्थान के प्रवेश द्वार पर 21 जुलाई की ब्रिगेड रैली के समर्थन में पोस्टर-बैनर आदि लगाए गए।

इस दौरान संस्थान के छात्र संघ के महासचिव आकाश भौमिक व पर्यवेक्षक स्वदेश सरकार आदि उपस्थित रहे। संगठन के कार्यकर्ताओं की कवायद पूरे दिन चलती रही। संगठन के कार्यकर्ता घूम-घूम कर 21 जुलाई से संबंधित प्रचार सामग्री इधर-उधर लगाते रहे। संगठन के नेताओं ने कहा कि किसी भी देश व समाज के लिए छात्र रीढ़ की तरह होते हैं।
इनकी सक्रियता के बगैर समाज आगे नहीं बढ़ सकता और न ही किसी प्रकार का सुधार संभव है। राज्य में व्यापक परिवर्तन लाने में छात्रों की बड़ी भूमिका रही है। 21 जुलाई को कोलकाता में होने वाली ब्रिगेड रैली में बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। विद्यासागर विश्व विद्यालय के अधीन 30 कॉलेज हैं। प्रत्येक कॉलेज से करीब एक हजार विद्यार्थी रैली में शामिल होंगे।





