लखनऊ: नमाज पढ़ाने के विवाद में मस्जिद में चली गोलियां

शुक्रवार को राजधानी के मड़ियांव इलाके में नमाज पढ़ाने को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। नाराज एक पक्ष के लोगों ने घर से लाइसेंसी रायफल लाकर फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही मस्जिद में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों से करीब 5-6 लोगों को हिरासत में लिया।
पढ़िए पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़-झारखंड निवासी रहमतुल्ला मोहिबुल्लापुर स्थित पुरानी मस्जिद के इमाम हैं और वह काफी दिनों से रोजाना मस्जिद में नमाज पढ़ाते हैं। बीते सात दिनों से वह अपने घर छत्तीसगढ़ झारखंड गए हुए हैं। इस दौरान मौहल्ले के माद मोहम्मद और इस्तियाक नमाज पढ़ाते हैं। मौके पर मौजूद निसार अहमद ने बताया कि शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज पढ़ाने को लेकर दोस्त मोहम्मद और रंगीला टेलर्स उर्फ नियाज के बीच विवाद हो गया। दोस्त मोहम्मद ने नियाज अहमद के चाटा जड़ दिया। इससे मस्जिद में मौजूद नमाजी नाराज हो गये और मोहम्मद को घेर लिया।
दोस्त मोहम्मद मस्जिद से भाग कर घर पहुंचे और बेटे गौस मोहम्मद, फिरदौस मोहम्मद और माद मोहम्मद के साथ रायफल और पिस्टल लेकर मस्जिद के गेट पर पहुंच कर तीन फायरिंग करके दहशत फैला दी। वहीं, नियाज अहमद का कहना है कि गौस मोहम्मद ने जान से मारने के लिए उस पर फायरिंग की थी, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने रायफल की नाल पकड़ कर ऊपर कर दी जिससे हवाई फायर हो गई।
बेटे से नमाज पढ़वाना चाहते हैं दोस्त मोहम्मद
निसार अहमद ने बताया कि रहीमनगर डूडौली खदान स्थित उनकी एक 7 बिसुआ जमीन पड़ी हुई है। उस जमीन के पास दोस्त मोहम्मद ने एक बीघे जमीन खरीदी है। उसी जमीन की आड़ में दोस्त मोहम्मद उनकी जमीन पर भी कब्जा कर रहे थे। इसलिए लड़ाई झगड़ा हुआ था, जिसका मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। तभी से दोस्त मोहम्मद और उनके बीच में रंजिश चल रही है।
दोस्त मोहम्मद पुरानी मस्जिद के सदस्य भी नहीं हैं। मस्जिद पर कब्जा करने के लिए मोहम्मद अपने बेटे माद मोहम्मद से जबरन नमाज पढ़ाना चाहते हैं। मगर, नमाजी उनके बेटे से नवाज पढ़ना नहीं चाहते हैं। इमाम रहमतुल्ला की गैरमौजूदगी में इस्तियाक से लोग नमाज पढ़ना चाहते हैं। वहीं, दोस्त मोहम्मद का कहना है कि उसका बेटा हाफिज है, इसलिए वह मस्जिद में नमाज पढ़ा सकता है और इस्तियाक के पास कोई नमाज पढ़ाने की डिग्री नहीं है।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
वहीं, मामले पर कार्यवाहक इंस्पेक्टर मड़ियांव गौरीशंकर पाल ने बताया कि गोली चलने की जानकारी मिली थी लेकिन दोनों पक्षों ने कोई तहरीर नहीं दी है। हालांकि, दोनों पक्षों से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अगर दोनों पक्ष से तहरीर नहीं आई, तो दोनों पक्षों पर शांति भंग करने की कार्रवाई की जाएगी।





