राहुल द्रविड़ के ‘गुरुमंत्र’ ने दिलाई कामियाबी : मयंक अग्रवाल

नई दिल्ली:घरेलू क्रिकेट में सबसे अच्छे फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को अपनी मेहनत का फल आखिरकार मिल गया। वेस्ट इंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किए गए मयंक अग्रवाल अपने सलेक्शन से काफी खुश हैं। इसके साथ ही उन्होंने जूनियर टीम के कोच राहुल द्रविड़ को इस कामियाबी बड़ा श्रेय दिया है। मयंक अग्रवाल ने पिछले रणजी सीजन में 105 की शानदार औसत के साथ आठ मैचों में कुल 1160 रन बनाए। इसमें उनके 5 शतक, 2 अर्धशतक और एक 304 रन की पारी शामिल है।

टीम इंडिया में सलेक्ट होने पर मयंक अग्रवाल ने कहा, मैं अभी बेहद खुश हूं और बहुत ज्यादा उत्साहित भी हूं। मैं भारतीय टीम का हिस्सा बनने का इंतजार कर रहा हूं। पिछले 15 महीनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी टीम में सलेक्ट नहीं होने पर मयंक ने कहा कि वो उसी चीज पर ध्यान दे रहे थे जो उनके बस में था। उन्होंने बताया, देखिए हम आजकल ज्यादा क्रिकेट खेल रहे हैं और इससे मुझे अपने खेल पर ध्यान देने में मदद मिलती है। एक खिलाड़ी के तौर पर मेरा काम है मैदान पर जाकर रन बनाना। लगातार अच्छा प्रदर्शन करना मेरे बस में है, लेकिन बाहरी चीजों पर मैं कंट्रोल नहीं कर सकता। मैं हर मैच में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने और बेहतर खेलने पर फोकस करता रहा।
भारत की जूनियर टीम के कोच राहुल द्रविड़ हर खिलाड़ी को काफी प्रभावित करते हैं। अन्य खिलाड़ियों की तरह ही मयंक भी उनके मार्गदर्शन से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, वो (द्रविड़) एक ऐसे शख्स हैं कि जब भी हमें मदद चाहिए हम उनके पास ही जाते हैं। किसी भी तरह की सलाह के लिए हम उनके पास जा सकते हैं। उन्होंने मुझसे हमेशा नियमित प्रयास करने और रन बनाते रहने के लिए कहा। उन्होंने बोला इसके बाद जो होगा, वो होगा। मैंने बस उनकी सलाह मानी जो मेरे लिए काफी मददगार रही।

Back to top button