पीएम मोदी पर आरोप लगाकर खुद घिरे राहुल गाँधी

नई दिल्ली: राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए आरोपों में कांग्रेस पार्टी उल्टे खुद फंसती नजर आ रही है। राहुल के आरोपों पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने ही सवाल उठा दिया है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए सहारा और बिरला जैसे कारोबारियों से पैसे लेने का आरोप लगाया और इससे जुड़े सबूत भी पिछले दिनों मीडिया को सौंपे। लेकिन राहुल के इन सबूतों को शीला दीक्षित ने खारिज कर दिया है।
कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने कहा कि आरोपों में जरा भी सच्चाई नहीं है। मैं पूरी तरह से इन आरोपों को खारिज करती हूं। उन्होंने कहा कि उनका इस मुद्दे से कोई लेना देना नहीं है।
आपको बता दें कि कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट्स पर सहारा डायरी से जुड़ी कुछ तसवीरें साझा की थी। जिसमें दिखाया गया था कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी ने सहारा समूह से 40 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी। लेकिन शीला दीक्षित का नाम होने की वजह से कांग्रेस के लिए ये आरोप उल्टा पड़ गया।





