राष्ट्रपति को प्रधानमंत्री, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई भाजपा नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई भाजपा नेताओं ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, राष्ट्रपति जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। विभिन्न विषयों पर उनके ज्ञान और दृष्टिकोण से भारत को काफी फायदा हुआ है। उनका हमारे समाज के हर वर्ग के साथ आश्चर्यजनक जुड़ाव है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।
शाह ने सोमवार को ट्विटर पर दिए बधाई संदेश में राष्ट्रपति कोविंद को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर वर्ग के विकास के प्रति उनकी आस्था अनुकरणीय है| उनके मार्गदर्शन में हम निरंतर एक गरीब कल्याण व समरस-सशक्त राष्ट्र की ओर अग्रसर हैं। शाह ने राष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य और उनके दीर्घायु होने की ईश्वर से प्रार्थना भी की।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं। सादगी, विचार और कार्य की स्पष्टता और गरीब व हाशिए पर खड़े लोगों के प्रति उनकी चिंता के लिए उन्हें व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है। मैं उनके एक लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
इसके अलावा वित्त मंत्री अरूण जेटली, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी, डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. महेश शर्मा सहित अन्य मंत्रियों ने उनके स्वस्थ जीवन की कामना की है।उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जन्म एक अक्टूबर 1945 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिला (वर्तमान में कानपुर देहात जिला) की डेरापुर तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव परौंख में हुआ था। आज वह आयु के 74वें वर्ष में प्रवेश कर गए। कोविंद देश के 14वें राष्ट्रपति हैं।

Back to top button