राजा बनने के लिए नॉमिनेशन जरूरी नहीं, यह ताजपोशी है: राहुल गांधी पर पूनावाला का तंज

मुंबई. राहुल गांधी के रिश्तेदार शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस प्रेसिडेंट इलेक्शन को लेकर फिर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोमवार को चार ट्वीट किए। एक में उन्होंने राहुल के खिलाफ कांग्रेस द्वारा डमी कैंडिडेट उतारने की उम्मीद जताई तो दूसरे में कहा कि यह नॉमिनेशन नहीं ताजपोशी है। इसके बाद उन्होंने एक ट्वीट में राहुल गांधी से तीन सवाल किए। बता दें कि पूनावाला ने कांग्रेस में प्रेसिडेंट इलेक्शन की प्रॉसेस और वंशवाद पर सवाल उठाए हैं।राजा बनने के लिए नॉमिनेशन जरूरी नहीं, यह ताजपोशी है: राहुल गांधी पर पूनावाला का तंज

पहला ट्वीट: मुझे सफदर हाशमी नहीं बनना

– शहजाद ने अपनी ट्वीट में लिखा, “पार्टी के अंदर के शख्स ने मुझे बताया कि वंश (Dynasty) के सलाहकार ‘शहजादा’ के खिलाफ डमी कैंडिडेट उतारने पर विचार कर रहे हैं। सच ये कयामत क्यों है? वेल विशर ने यह भी कहा- शहजाद आज कांग्रेस दफ्तर पहुंचकर दूसरे सफदर हाशमी मत बनो। मेरी पार्टी के इतिहास का यह ब्लैक-डे है।”

– शहजाद ने अपनी इस ट्वीट के साथ कांग्रेस लीडर मणिशंकर अय्यर का वह बयान अटैच किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सिर्फ दो लोग कांग्रेस प्रेसिडेंट बन सकते हैं, मां या बेटा। साथ ही मोदी का वह ट्वीट शेयर किया है, जिसमें कांग्रेस द्वारा शहजाद की आवाज दबाने की बात कही है।

– बता दें कि 1 जनवरी 1989 को गाजियाबाद के साहिबाबाद में रंगकर्मी हाशमी की कांग्रेस कैंडिडेट मुकेश शर्मा और उनके सपोर्टर्स ने हत्या कर दी थी। उस वक्त वे नगर पालिका चुनाव में सीपीएम कैंडिडेट के सपोर्ट में नुक्कड़ नाटक कर रहे थे।

दूसरा ट्वीट:यह नॉमिनेशन नहीं, ताजपोशी है

– दूसरी ट्वीट में शहजाद ने राहुल के कांग्रेस ऑफिस पहुंचने से पहले वहां जुटी भीड़ का एक फोटो अटैच किया। इसमें उन्होंने लिखा, “यह नॉमिनेशन नहीं, ताजपोशी है। ताज ले आओ।”

तीसरा ट्वीट: राहुल जी से मेरे तीन सवाल

– अपने अगले ट्वीट में शहजाद ने राहुल से तीन सवाल किए। लिखा, “राहुल जी मेरा पहला सवाल: आप ताज लेकर जाते नॉमिनेशन पेपर नहीं तो क्या बेहतर नहीं होता? दूसरा सवाल: आप मुझसे डर गए और (पार्टी का) सदस्य नहीं हूं ऐसा आपके चेलों ने कहा- पर मनीष नेता आपके नेता है ना? उनकी बातों पर आपकी राय? तीसरा सवाल: क्या मैं AICC आऊंगा तो सफदर हाशमी वाला हाल होगा?

ये भी पढ़ें: साउथ की फिल्मों ने ट्विटर पर मचाया धमाल, बॉलीवुड को भी कर दिया पीछे

चौथा ट्वीट: नॉमिनेशन की जरूरत नहीं

– इसमें शहजाद ने लिखा, “राजा बनने के लिए नॉमिनेशन की जरूरत नहीं है।”

मोदी का शुक्रिया
– शहजाद ने उनकी तारीफ करने के लिए नरेंद्र मोदी का शुक्रिया भी अदा किया।
– बता दें कि मोदी ने रविवार को सुरेंद्र नगर में कहा था, “आपने एक बहादुरी का काम किया है, लेकिन दुख की बात यह है कि कांग्रेस में हमेशा से ऐसा होता आया है। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में जो धांधली हो रही है उसे शहजाद ने उजागर किया है। कांग्रेस ने उनकी आवाज दबाने की कोशिश की और उन्हें सोशल मीडिया ग्रुप से निकालने की कोशिश की। जिनके पास कोई अंदरूनी डैमोक्रेसी नहीं होती वे जनता के लिए काम नहीं कर सकते।”

राहुल गांधी के ऑफिस ने मेरी बेइज्जती की
– कांग्रेस में वंशवाद के खिलाफ आवाज उठाने वाले शहजाद ने रविवार को न्यूज एजेंसी को इंटरव्यू दिया।
– शहजाद ने कहा- रविवार सुबह मैंने राहुल गांधी के ऑफिस में फोन किया। मैंने ऐसा इसलिए किया, ताकि उन्हें इस बात के सबूत दे सकूं कि पार्टी प्रेसिडेंट का जो इलेक्शन हो रहा है, वो पूरी तरह से फिक्स है। राहुल को सोमवार को नॉमिनेशन फाइल करना है।
– पूनावाला ने आगे कहा- राहुल के नॉमिनेशन फाइल करने से पहले मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि उनकी कुछ नैतिक जिम्मेदारियां हैं। इस इलेक्शन प्रॉसेस को रोका जाना चाहिए। लेकिन राहुल के ऑफिस की तरफ से तो मेरी बेइज्जती की गई।

सरदार पटेल को भी ऐसे ही नीचा दिखाया गया था
– एक सवाल के जवाब में पूनावाला ने कहा- पहले कांग्रेस के नेताओं ने सरदार वल्लभ भाई पटेल का अपमान किया था। आज मैं भी इसी तरह का महसूस कर रहा हूं। जब मैंने वंशवाद की राजनीति का मसला उठाया, प्रेसिडेंट पोस्ट के लिए इलेक्शन का सवाल उठाया तो वो कहने लगे कि मैं तो पार्टी का मेंबर ही नहीं हूं। मैं आज यही साबित करना चाहता हूं कि वो पूरी तरह से झूठ बोल रहे हैं।
– शहजाद ने कहा- तीन साल से महाराष्ट्र कांग्रेस के ऑफिस की तरफ से मुझे कम्युनिकेट किया जाता रहा है। आज वो कहते हैं कि मैं पार्टी मेंबर नहीं हूं। मैं एक व्हिसल ब्लोअर बन गया हूं।

पहले क्या कहा था शहजाद ने?
– 30 नवंबर को शहजाद ने राहुल गांधी को कांग्रेस प्रेसिडेंट बनाए जाने पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था, “यह सिलेक्शन है, इलेक्शन नहीं।” उन्होंने यह भी कहा था कि इस चुनाव में धांधली हो रही है। अगर सही ढंग से यह चुनाव हो तो वे भी इसमें भागीदारी कर सकते हैं।
– पूनावाला ने कहा था है कि प्रेसिडेंट पोस्ट के लिए होने वाले चुनाव में राहुल को फायदा पहुंचाने के लिए हेराफेरी की जा रही है। इसमें जो मेंबर वोट डालेंगे, उनके नाम फिक्स हैं। इसमें धांधली की गई है। उन्होंने चुनाव की इस प्रॉसेस को राहुल के पक्ष में बताते हुए आरोप लगाया था कि वो प्रेसिडेंट बनेंगे, क्योंकि वे गांधी परिवार से हैं।

ये भी पढ़ें: ओखी पर राजनीति: केंद्रीय मंत्री अल्फोंस बोले- देरी से अलर्ट मिलने का केरल सरकार का दावा झूठा

राहुल गांधी को लिखा लेटर
– शहजाद ने राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर पूछा था, “क्या कांग्रेस में प्रेसिडेंट की पोस्ट डायरेक्ट या इनडायरेक्ट रूप से सिर्फ ‘गांधी’ नाम वालों के लिए ही रिजर्व है?”
– इसके लिए उन्होंने कांग्रेस के एक स्पोक्सपर्सन के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगले 50 साल तक ‘गांधी’ ही कांग्रेस के प्रेसिडेंट होंगे?
– शहजाद ने कांग्रेस प्रेसिडेंट पोस्ट के चुनाव को पूरी तरह से मजाक बताया था। उन्होंने कहा, “मेरे जैसा एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने की सोच भी सकता था, अगर उन्होंने उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया हुआ होता और एक सामान्य कांग्रेस कार्यकर्ता की तरह पार्टी प्रेसिडेंट की पोस्ट का चुनाव लड़ते।”
– उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, “सच बोलने के लिए हिम्मत चाहिए, मेरे खिलाफ कई हमले होंगे, लेकिन मेरे पास सबूत हैं।”

Back to top button